अफगानिस्तानः तालिबान ने सरकारी मीडिया विभाग के प्रमुख की नमाज पढ़ते वक्त की हत्या
काबुल, अगस्त 06: अफगानिस्तान में तालिबान का आतंक दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। तालिबान आम लोगों के साथ-साथ लगातार प्रशासन के बड़े अधिकारियों और नेताओं को निशाना बना रहा है। तालिबान ने राजधानी काबुल की एक मस्जिद में शुक्रवार को अफगान सरकार के मीडिया सूचना केंद्र के प्रमुख की गोली मारकर हत्या कर दी। हाल के महीनों में पत्रकारों और अधिकार कार्यकर्ताओं पर किए गए श्रृंखलाबद्ध हमलों में हत्या की यह वारदात नवीनतम है।

तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने बताया कि समूह के लड़ाकों ने दावा खान मेनापाल को मार डाला है जो स्थानीय और विदेशी मीडिया के लिए सरकार का प्रेस अभियान संचालित करते थे। आंतरिक मंत्रालय के अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि तालिबान ने मेनापाल की हत्या शुक्रवार की नमाज पढ़ते वक्त की। मेनापाल ने राष्ट्रपति अशरफ गनी की आउटरीच टीम में प्रवक्ता के तौर पर भी सेवाएं दी थीं।
मुजाहिद ने बाद में जारी एक बयान में कहा कि मेनापाल को मुजाहिदीन के एक विशेष हमले में मारा गया और उसे उसके कामों के लिए दंडित किया गया। अफगानिस्तान पत्रकारों के लिए दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक है। नागरिकों के खिलाफ हाल में किये गए कई हमलों को लेकर इस्लामिक स्टेट द्वारा दावा किया गया है, हालांकि सरकार अक्सर तालिबान को जिम्मेदार ठहराती है।
युद्धग्रस्त देश में विरोधियों की आवाजें दबाने के लिए तालिबानी आतंकवादी कई हत्याएं कर चुके हैं। इनमें कई सामाजिक कार्यकर्ता, नौकरशाह, न्यायाधीश शामिल हैं। अफगानिस्तान के लंबे समय से चल रहे संघर्ष में लड़ाई मई से तेज हो गई है, जब इस महीने के अंत में विदेशी बलों की वापसी का अंतिम चरण पूरा होने वाला था। वहीं अमेरिका ने हाल ही में अफगानिस्तान की मदद के लिए कई हवाई हमले किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications