अफगानिस्तान: तालिबान ने प्रदर्शनकारियों पर चलाईं गोलियां, 3 की मौत 12 घायल
काबुल, अगस्त 18: अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद अफरातफरी का माहौल है। इसी बीच जलालाबाद शहर में तालिबान द्वारा की गई फायरिंग की खबरें सामने आ रही हैं। अफगानिस्तान के जलालाबाद शहर में लोग तालिबान के झंडे के बजाय कार्यालयों पर अफगानिस्तान के झंडे को फिर से लगाने की मांग को लेकर बुधवार को सड़कों पर उतर आए। जिसके बाद तालिबान लड़ाकों ने प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग कर दी।

Recommended Video
काबुल न्यूज के मुताबिक, जलालाबाद में लोगों ने तालिबानी शासन के बीच कुछ ऑफिसों पर अफगानिस्तान का झंडा लगा दिया, जिसे तालिबान ने हटाकर अपना झंडा लगाने की कोशिश की। इस दौरान लोगों की तालिबानियों से झड़प हो गई। तालिबानियों ने गोलियां बरसा दी। जिसमें 3 व्यक्तियों के मारे जाने की खबर है और 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। तालिबान लड़ाकों ने विरोध प्रदर्शन को कवर कर रहे कुछ पत्रकारों को भी पीटा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर शेयर किए गए वीडियो में सैकड़ों लोगों को अफगानिस्तान का झंडा लेकर मार्च निकालते देखा जा सकता है। 2001 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है। जब तालिबान को कई जगह आम जनता का भी विरोध झेलना पड़ रहा है। इससे पहले कुछ महिलाओं ने सड़कों पर खड़े होकर तालिबान लड़ाकों का विरोध किया था। हालांकि इन महिलाओं को तालिबान ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया था।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा, काम करने का अधिकार, शिक्षा का अधिकार और राजनीतिक भागीदारी के अधिकार सहित अपने अधिकारों की मांग करते हुए सुना जा सकता है। ये विरोध तालिबान के खिलाफ विद्रोह का पहला संकेत है, जब से 15 अगस्त को आतंकवादी समूह ने अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया था। कई अफगान देश छोड़कर भाग गए हैं और हजारों अभी भी काबुल हवाई अड्डे पर फ्लाइट में सवार होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications