सीरिया की मीडिया का दावा मारा गया सबसे खूंखार आतंकी बगदादी
सीरिया की मीडिया का दावा दुनिया का सबसे खूंखार आतंकी बगदादी मारा गया, शनिवार को हुए हवाई हमले में हुई उसकी मौत
राक्का। एक बार फिर से मीडिया रिपोर्ट्स ने दुनिया के सबसे खूंखार आतंकवादी अबू बक्र अल बगदादी के मौत का दावा किया है। सीरिया के स्टेट टेलीविजन ने दावा किया है कि हवाई हमले में बगदादी को मार गिराया गया है। लेकिन यह पहली बार नहीं है जब ऐसा दावा किया गया है, इससे पहले भी कई बार मीडिया यह दावा कर चुका है कि बगदादी की मौत हो गई है, लेकिन हर बार यह खबरें झूठी निकली है।
सीरिया में जिस तरह से माहौल खराब है और लगातार सीरिया सरकार और बगदादी के आतंकी संगठन के बीच हिंसक युद्ध चल रहा है, ऐसे में अगर बगदादी की मौत होती है तो यह असद सरकार के लिए काफी अच्छी खबर हो सकती है। लेकिन इस खबर के पीछे की एक बड़ी बात यह भी हो सकती है कि असद सरकार बगदादी की मौत की गलत खबर फैलाई हो ताकि उन्हें मदद मिल सके। आईएसआईएस की आधिकारिक मीडिया विंग अमाक ने अभी तक बगदादी की मौत की खबर की पुष्टि नहीं की है।
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक बगदादी की राक्का शहर में मौत हो गई है, सीरियन एक्टिविस्ट, राक्का24 सहित कई मीडिया ने इस खबर की पुष्टि की है कि राक्का एयरस्ट्राइक में बगदादी की मौत हो गई है, इसके साथ ही कम से कम सात लोगो की मौत हुई है। बगदादी की मौत शनिवार को हुए हवाई हमले में हुई है। गौरतलब है कि बगदादी पर 25 मिलियन डॉलर का ईनाम घोषित किया गया है। खबरों की मानें तो बगदादी मोसुल के रेगिस्तान में छिपा हुआ था। लेकिन खुफिया विभाग की मानें तो इराकी सेना के मोसुल पहुंचने से पहले वह यहां से भाग निकला था।
इसे भी पढ़ें- ISIS ने सऊदी अरब को दी धमकी, कहा ईरान के बाद अगला नंबर तुम्हारा
पिछले साल दिसंबर में पेंटागन ने कहा था कि अमेरिकी सेना के साझा प्रयास के बाद भी आईएस मुखिया बगदादी जिंदा है। पेंटागन के प्रवक्ता पीटर कुक ने कहा था कि हमें अभी भी इस बात का भरोसा है कि बगदादी जिंदा है और वह आईएआईएल की कमान संभाल रहा है, लेकिन हम उसकी हर गतिविधि पर नजर रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। अगर हमें मौका मिला तो हम उसे वह सजा जरूर देंगे जिसका वह हकदार है। हम जो भी कर सकते हैं वह कर रहे हैं, इस समय हम इसपर काफी पैसा खर्च कर रहे हैं।













Click it and Unblock the Notifications