सिडनी आतंकी हमले को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पीएम पर भड़के नेतन्याहू, क्यों कहा आपने ही भड़काया है
Australia Bondi Beach Shooting: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी के बॉन्डी इलाके में यहूदी पर्व हनुक्का के दौरान हुई गोलीबारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। इस हमले में 16 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें एक इजराइली नागरिक भी शामिल बताया जा रहा है।
घटना के बाद इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने फिलिस्तीन राज्य के समर्थन को यहूदी विरोधी घटनाओं से जोड़ते हुए कड़े आरोप लगाए, जिससे यह मामला अब केवल सुरक्षा नहीं बल्कि कूटनीतिक बहस का विषय बन गया है।

Sydney Hanukkah Attack: नेतन्याहू का आरोप क्या है
इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि फिलिस्तीन राज्य को समर्थन देने से यहूदी विरोधी मानसिकता को बल मिलता है। उनके मुताबिक, गाजा युद्ध के बाद इजराइल की आलोचना और फिलिस्तीन के पक्ष में बढ़ते वैश्विक रुख ने यह संदेश दिया कि यहूदी समुदाय के खिलाफ हिंसा को मौन समर्थन मिल रहा है। उन्होंने सिडनी हमले को इसी सोच का नतीजा बताते हुए ऑस्ट्रेलिया से अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करने की मांग की।
ये भी पढे़ं: Australia में पढ़ाई का रास्ता अब आसान! Justin Langer बने NiviCap के ब्रांड एंबेसडर
Israel Australia Tension: फिलिस्तीन पर ऑस्ट्रेलिया का रुख
ऑस्ट्रेलिया ने सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान फिलिस्तीन राज्य को औपचारिक मान्यता दी थी। फिलिस्तीनी अधिकारियों के अनुसार अब तक 159 देश उन्हें मान्यता दे चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय का बड़ा हिस्सा दो-राष्ट्र समाधान को इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष का स्थायी समाधान मानता है। हालांकि नेतन्याहू सरकार का तर्क है कि फिलिस्तीन राज्य को मान्यता देना इजराइल की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
सिडनी हमले पर दुनिया की प्रतिक्रिया
सिडनी हमले के बाद दुनियाभर से तीखी प्रतिक्रियाएं आईं। ईरान ने निर्दोष नागरिकों की हत्या की निंदा की, जबकि अमेरिका के विदेश मंत्री ने कहा कि यहूदी विरोध के लिए कोई जगह नहीं है। ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय ने भी गहरा दुख जताया और लंदन में यहूदी स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई। कई देशों ने इसे मानवता पर हमला बताते हुए एकजुटता दिखाई।
ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में 'सबसे बड़ा' आतंकी हमला, हनुक्का उत्सव मना रहे यहूदियों पर फायरिंग, 10 लोगों की मौत
पीएम मोदी ने घटना की निंदा की
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने हनुक्का जैसे पवित्र पर्व पर हुए हमले को बेहद खतरनाक बताया। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हमले के बाद ऑस्ट्रेलिया में यहूदी समुदाय के बीच डर का माहौल है और प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications