'स्पेस से भारत को देखना खास था', धरती पर वापसी के बाद सुनीता विलियम्स की पहली PC, ट्रंप-मस्क को कहा 'थैंक्स'
Sunita Williams: भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने स्पेस से धरती पर सुरक्षित लौटने के बाद पहली बार प्रेस के सामने आकर अपने अनुभव साझा किए। टेक्सास के जॉनसन स्पेस सेंटर में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुनीता के साथ उनके साथी अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर भी मौजूद थे।
लंबे समय तक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर बिताने के बाद धरती पर लौटने की खुशी सुनीता के चेहरे पर साफ झलक रही थी। सुनीता ने बताया कि स्पेस में बिताया गया हर पल उनके लिए बेहद खास था, लेकिन धरती पर वापस लौटने की भावना भी उससे कम नहीं थी।

उन्होंने अपने मिशन के सफल समापन के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क का धन्यवाद किया, जिन्होंने उन्हें और उनके साथी को सुरक्षित वापस लाने में मदद की। अपने अनुभवों को साझा करते हुए सुनीता ने बताया कि स्पेस में बिताए गए हर दिन ने उन्हें कुछ नया सिखाया और उनकी जिंदगी को बदल दिया।
ये भी पढ़ें: 'ये वैसा ही था, जैसे आप ऑफिस में काम करते हैं', सुनीता विलियम्स को ओवरटाइम मिला या नहीं? क्या है सरकारी नियम?
राष्ट्रपति ट्रंप और एलन मस्क को कहा धन्यवाद
सुनीता विलियम्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क का खास तौर पर धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनके समर्थन और सहयोग के बिना यह मिशन संभव नहीं था। आईएसएस से सुरक्षित धरती पर लौटना उनके जीवन का एक अहम पल था।
धरती पर लौटने की खुशी
सुनीता ने बताया कि धरती पर वापस आकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। वे फिलहाल रिहैब (रिकवरी प्रक्रिया) से गुजर रही हैं और नई चुनौतियों के लिए खुद को तैयार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि घर लौटने के बाद सबसे पहले उन्हें अपने पति को गले लगाने की इच्छा थी। इसके बाद उन्होंने ग्रिल्ड चीज सैंडविच खाया।
भारत को देखना रहा खास अनुभव
सुनीता ने कहा कि अंतरिक्ष से हिमालय और भारत के अन्य हिस्सों को देखना एक अद्भुत अनुभव था। दिन और रात दोनों समय भारत को देखना उनके लिए अविश्वसनीय था। उन्होंने यह भी बताया कि अब वे नए मिशन के लिए तैयारी कर रही हैं और आगे की चुनौतियों का सामना करने के लिए उत्साहित हैं।
ये भी पढ़ें: कैसे बन सकते हैं सुनीता विलियम्स की तरह एस्ट्रोनॉट? जानिए NASA में काम करने लिए चाहिए कौन-कौन से स्किल












Click it and Unblock the Notifications