इंडोनेशिया: भूकंप के बाद सुनामी ने मचाई तबाही, 30 की मौत, 12 घायल
जकार्ता। इंडोनेशिया में पहले भूकंप और उसके बाद आई सुनामी ने कई लोगों को मौत की नींद सुला दिया है। इंडोनेशिया के मेट्रो टीवी को एक हॉस्पिटल ने कहा है कि सुनामी की चपेट में आए अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है। इंडोनेशिया में सुलावेसी द्वीप में शुक्रवार को पहले 7.7 की तीव्रता से भूकंप आया और उसके सुनामी ने पालू शहर को अपने चपेट में ले लिया। इंडोनेशिया में पिछले सप्ताह में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
हॉस्पिटल के डॉक्टर कोमांग अदी सुजेंद्र ने कहा कि शुक्रवार को आई सुनामी से 30 लोगों की जान गई और 12 अन्य लोग घायल हुए हैं। भूकंप की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में भी बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पालू शहर और फिशिंग टाउन डोंग्गाला में बिजली कटने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन को कोऑर्डिनेट करने में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ा है।
इंडोनेशिया में कल सुनामी से हुई मौत के बारे में फिलहाल सरकार ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरतें गिरने की वजह से नीचे दबे लोगों की मौत हुई है।
इंडोनेशिया की मेटेरोलॉजी, क्लाइमेट एंड जीयोफिजिक्स एजेंसी ने शुरू में भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी करते हुए, तीन मीटर ऊंची लहरों की संभावना व्यक्त की थी, लेकिन बाद में उन्होंने इस घोषणा को वापस ले लिया था। सुनामी की घोषणा वापस लेने के बाद पालू शहर में पानी की छह मीटर तेज ऊंची लहरें टकराई हैं।
इसी सप्ताह बुधवार को भी 6.1 तीव्रता से भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे, जिसमें एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी। इंडोनेशिया के आचे प्रांत में 10 सेकेंड तक चले इस भूकंप में कई इमारतें गिर गई थी।