गिलहरी से परेशान हुआ अमेरिका, एक बार फिर से गुल हो गई 10 हजार घरों की बिजली
वाशिंगटन, 11 सितंबरः कभी-कभी एक छोटी सी चीज एक ऐसा संकट पैदा कर देती है जिस पर यकीन कर पाना मुश्किल हो जाता है। ऐसा ही वाकया अमेरिका के वर्जीनिया में हुआ जहां एक छोटी सी गिलहरी ने पूरे शहर को परेशान कर दिया। एक गिलहरी के कारण 10 हजार घरों और 2 स्कूलों की बिजली चली गई।

एक घंटे तक परेशान रहे लोग
मामला वर्जीनिया बीच के एक कस्बे केम्प्सविले का है जहां गुरुवार सुबह ठीक 9 बजे बिजली गुल हो गई। दरअसल इलाके में बिजली आपूर्ति करने वाली कंपनी के सब-स्टेशन की बिजली सप्लाई में फॉल्ट आ गया और इससे इलाके में करीब 1 घंटे तक लोग बिना बिजली के परेशान रहे। बिजली विभाग ने काफी जद्दोहजद के बाद समस्या को दूर कराया और बिजली सप्लाई सुचारू हो सकी।

सर्किट ब्रेकर और ट्रांसफमर के बीच घुसी गिलहरी
दरअसल, सुबह के वक्त एक गिलहरी एक सब-स्टेशन के एक सर्किट ब्रेकर और ट्रांसफॉर्मर के बीच घुस गई थी, जिससे एक स्पार्क हुआ और ट्रांसफॉर्मर बंद हो गया। इससे गिलहरी की भी मौत हो गई। हालांकि ट्रांसफॉर्मर बंद होने से पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई और इससे एक बड़ी आबादी के लिए संकट खड़ा हो गया। बिजली कर्मचारियों को इस फॉल्ट को ढूंढने में एक घंटे से ज्यादा का समय लगा।

दो बच्चों के स्कूल भी हुए प्रभावित
बिजली सेवा प्रदान करने वाली कंपनी ने बताया कि सब-स्टेशन में जीव-जंतुओं को घुसने से रोकने के लिए जालियां लगाई गई हैं, लेकिन इस बार पता नहीं गिलहरी कैसे अंदर चली गई और पलक झपकते इतना नुकसान पहुंचा दिया। उन्होंने बताया कि बिजली कटौती से केम्प्सविले हाई स्कूल और फेयरफील्ड एलीमेंट्री स्कूल भी प्रभावित हुए।

गिलहरी के कारण कई बार खड़ा हुआ संकट
बता दें कि गिलहरी के कारण अमेरिका में पहले भी बिजली बाधित होती रही है। एक ऊर्जा फर्म एंटरगी ने पाया कि साल 2020 में गिलहरी के कारण पांच राज्यों में बिजली बाधित हो चुकी है। फिलहाल गिलहरी द्वारा बिजली सप्लाई ठप करने की खबर के चर्चे खूब हो रहे हैं। लोग इस खबर को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उठाकर अपने-अपने हिसाब से इसे शेयर कर रहे हैं। कोई इस पर मजेदार कमेंट कर रहा है तो कोई इसे विभाग की लापरवाही बता रहे है।
महारानी एलिजाबेथ के आखिरी वक्त में क्या हुआ? बहू मेगन अंतिम समय में देखने क्यों नहीं पहुंची?












Click it and Unblock the Notifications