Covid Vaccine: सिंगापुर, UAE में 12-15 उम्र के लिए वैक्सीन को मंजूरी, भारत में कब आएगा नंबर?
सिंगापुर, 20 मई। अमेरिका और कनाडा के बाद अब सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भी 12-15 साल उम्र वाले किशोरों के लिए वैक्सीनेशन शुरू करने जा रहे हैं। दोनों देशों ने इसके लिए फाइजर-बायोएनटएक की कोविड-19 वैक्सीन को मंजूरी दी है। यूरोपियन मेडिकल एजेंसी भी बच्चों में फाइजर वैक्सीन के इस्तेमाल की समीक्षा कर रही है।

पिछले साल के मुकाबले इस बार फैल रही कोरोना की नई लहर ने बच्चों और युवाओं को अपना शिकार बनाया है। कुछ देशों में बच्चों के भीतर कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण देखे गए हैं।
भारत में भी तीसरी लहर की आशंका के बीच बच्चों पर इसके असर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसे लेकर केंद्र सरकार ने पिछले सप्ताह इलाज के लिए प्रोटोकॉल जारी किया है। हालांकि अभी देश में बच्चों के लिए वैक्सीन को मंजूरी नहीं दी गई है जिसके लिए तेजी से मांग बढ़ रही है।
सिंगापुर अब तक 16 से ऊपर को वैक्सीन
सिंगापुर में फाइजर का टीका अब तक केवल 16 वर्ष और उससे अधिक आयु वालों को ही दिया जा रहा था। हाल के हफ्तों में कई स्कूली बच्चों में वायरस से संक्रमित होने के मामले सामने आए हैं जिससे सिंगापुर में स्कूलों को बंद करने को लेकर दबाव बढ़ा है।
हालांकि इनमें अधिकांश मामले हल्के लक्षण वाले या एसिम्पटोमेटिक हैं जो ट्यूशन केंद्रों से जुड़े हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सिंगापुर हेल्थ साइंसेज अथॉरिटी ने फाइजर वैक्सीन को "एक मजबूत प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया देने" और "शत प्रतिशत प्रभावी" पाए जाने के बाद मंजूरी देने का फैसला किया है।
सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्री ओंग ये कुंग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "फाइजर-बायोएनटेक कोविड-19 वैक्सीन ने 12 से 15 साल के आयु वर्ग के लिए उच्च प्रभावकारिता और सुरक्षा दिखाई है। वयस्क आबादी के लिए हमने जो देखा है, यह उसके अनुरूप है।"
यूएई में स्कूलों को खोलने की तैयारी
यूएई 12 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए फाइजर कोविड-19 वैक्सीन को मंजूरी देने वाले देशों में शामिल हुआ है। यूएई की सरकार अगले सत्र में स्कूलों को खोलने चाह रही है ऐसे में बच्चों को वैक्सीन देने की योजना पर अमल शुरू हुआ है।
खलीज टाइम्स की खबर के मुताबिक यूएई के स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रवक्ता ने कहा कि "बच्चों के बीच सकारात्मक मामलों की कम संख्या के बावजूद, टीकाकरण बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि छात्र धीरे-धीरे अगले साल स्कूलों में आमने-सामने (सीखने) जा रहे हैं।"
भारत में बच्चों को टीका कब?
भारत में दूसरी लहर के बीच विशेषज्ञ तीसरी लहर के आने की भविष्यवाणी कर रहे हैं जिसमें कहा जा रहा है कि यह बच्चों पर सबसे ज्यादा असर डालेगी। इस दौरान ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने भारत बायोटेक की कोवैक्सीन के 2-18 साल आयु वर्ग पर फेज 2 या 3 के ट्रायल करने को मंजूरी दे दी है। इन परीक्षणों के 10-12 दिन में शुरू होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications