सिंगापुर के प्रधानमंत्री का सिख अवतार सोशल मीडिया पर हुआ वायरल, लोग जमकर कर रहे हैं पीएम की तारीफ
नई दिल्ली, जुलाई 6। सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सियन लूंग (Lee Hsien Loong) का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लूंग सफेद रंग की पगड़ी पहने हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल, ये वीडियो सिंगापुर में सिलाट रोड पर स्थिति एक गुरुद्वारे का है, जहां वो गुरुद्वारे के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। उद्घाटन कार्यक्रम में उन्होंने सिर पर पगड़ी धारण की। सोशल मीडिया पर परमरिंदर सिंह के द्वारा शेयर की गई वीडियो तेजी से वायरल हो गई है।

पगड़ी पहन मेहमानों का अभिवादन करते नजर आए पीएम
परमिंदर सिंह द्वारा ट्विटर पर साझा की गए वीडियो में सिंगापुर के प्रधानमंत्री पगड़ी पहनकर मेहमानों का अभिवादन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, "सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने पगड़ी पहनकर एक नए पुनर्निर्मित गुरुद्वारे का उद्घाटन किया और एक परफेक्ट सत श्री अकाल के साथ सभी का अभिवादन किया!"
47 हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं वीडियो को
ये वीडियो 4 जुलाई को इंटरनेट पर जारी किया गया, जिसे अभी तक 47 हजार से अधिक लोगों ने देख लिया है। व्यूज की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लोग वीडियो को देखकर लूंग की काफी तारीफ कर रहे हैं। वीडियो पर यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा है कि "कड़ी मेहनत करने वाले और बड़े दिल वाले सिखों के लिए प्रधानमंत्री का सम्मान काबिले तारीफ है। पहले तो उनके पिता और अब उन्होंने सिंगापुर को एक जीवंत, ईमानदार देश बना दिया है। "












Click it and Unblock the Notifications