शेख हसीना की क्या है प्लानिंग? राजनीति से संन्यास या लौटेंगी बांग्लादेश? बेटे सजीब ने किया बड़ा खुलासा
Sheikh Hasina News Update: हिंसा के बीच बांग्लादेश में प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा देकर देश छोड़ने वाली शेख हसीना भारत की शरण में हैं। इस बीच चर्चा है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का अब अगला कदम क्या होगा? क्या विदेश जाएंगी या अपने वतन वापस लौटेंगी? हसीना राजनीति से संन्यास लेंगी या राजनीति जारी रखेंगी? इन सब चर्चाओं पर शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद जॉय ने शुक्रवार को पर्दा गिरा दिया।
एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में वाजेद ने यह भी स्पष्ट किया कि हसीना ने किसी भी देश में शरण के लिए आवेदन नहीं किया है और वह शीघ्र ही बांग्लादेश लौटने का इरादा रखती हैं। स्थिति में सुधार होने पर वह अपने देश वापस लौट आएंगी। आपको बता दें कि हसीना, हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच 5 अगस्त को देश छोड़कर भाग गई थीं, फिलहाल भारत में हैं।

अवामी लीग को पुनर्जीवित करने जुटीं हसीना
हसीना के बेटे ने आगे बताया कि हसीना अपनी पार्टी अवामी लीग को पुनर्जीवित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। देश में चुनाव होने के बाद अवामी लीग पार्टी फिर से सत्ता में लौटेगी। वाजेद ने जोर देकर कहा कि बहुत सारी गलत सूचनाएं हैं। उन्होंने कहीं भी शरण के लिए आवेदन नहीं किया है, चाहे वह ब्रिटेन हो, अमेरिका हो या फिनलैंड। उनकी अपने देश से दूर जाने की कोई योजना नहीं है। वह जल्द ही बांग्लादेश लौटने का इरादा रखती है।
क्या हसीना राजनीति से लेंगी संन्यास?
वाजेद ने कहा कि हसीना राजनीति से संन्यास लेंगी या राजनीति जारी रखेंगी, इस पर आगे की चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा। इससे पहले वाजेद ने संकेत दिया था कि हसीना राजनीति से संन्यास ले लेंगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। अवामी लीग को फेरबदल की जरूरत है और वह उसी पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं।
'पार्टी को पुनर्जीवित करने के लिए प्रतिबद्ध'
वाजेद ने कहा कि हसीना पार्टी को पुनर्जीवित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, उन्हें अवामी लीग की ताकत पर विश्वास है तथा उम्मीद है कि वह और मजबूत होकर वापस आएंगी। हसीना के बेटे ने कहा कि हां, जब हमने देखा कि हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है तो वह निराश हो गई थीं। हमने कहा कि हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं को ऐसे नहीं छोड़ा जा सकता। उन्हें संगठित किया जाना चाहिए और सुरक्षित रखा जाना चाहिए। उन्हें अवामी लीग की ताकत पर पूरा भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि वे और मजबूत होकर वापसी करेंगी।
'भारत का आभारी हूं'
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया कि जब हसीना ढाका से गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर पहुंचीं, तो उन्होंने उन्हें शरण दी। हालांकि, वाजेद ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी या विदेश मंत्री एस जयशंकर से कोई बातचीत की है या नहीं।
उन्होंने कहा कि अगर ऐसी कोई बातचीत हुई है तो मुझे इसकी जानकारी नहीं है। लेकिन, सबसे पहले मैं प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं। सच्चे दिल से आभार जताते हुए मैं कहूंगा कि मेरी मां अब सुरक्षित हैं। वाजेद ने कहा कि हमारी सरकार गिरने तक भारत सरकार की कोई सक्रिय भागीदारी नहीं थी, यहां तक कि संकट के शुरुआती दिनों में भी नहीं।
हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर क्या बोले वाजेद?
बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर टिप्पणी करते हुए वाजेद ने कहा कि अगर अवामी लीग सत्ता में लौटेगी तो हिंदू सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि अगर अवामी लीग सत्ता में वापस आती है, तो मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि हिंदू सुरक्षित रहेंगे। अगर, हम नहीं आते हैं, तो मैं उनके भविष्य के बारे में निश्चित नहीं हूं।
उनकी राय में, बांग्लादेश में चल रहे संकट का 'एकमात्र समाधान' जल्द चुनाव है, और वाजेदने दावा किया कि अवामी लीग सत्ता में वापस आएगी। उन्होंने कहा कि इतिहास में यही एकमात्र समाधान देखा गया है। अब एकमात्र समाधान यह है कि बांग्लादेश में तुरंत चुनाव कराए जाएं, ताकि सभी को समान अवसर मिल सकें। अगर ऐसा होता है तो मुझे पूरा विश्वास है कि अवामी लीग सत्ता में वापस आएगी।












Click it and Unblock the Notifications