'बड़े भैया लौट आओ', शहबाज शरीफ ने नवाज शरीफ से की वापस पाकिस्तान आने की अपील, PM बनने का दिया ऑफर
Pakistan News: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपने बड़े भाई और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से पाकिस्तान वापस लौटने की अपील की है। जियो न्यूज ने बताया है, कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार को पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) सुप्रीमो नवाज शरीफ से वापस आने और देश में चुनाव अभियान का नेतृत्व संभालने और चौथी बार प्रधानमंत्री बनने का आग्रह किया है।
अपनी पार्टी, पीएमएल-एन की सेन्ट्रल जनरल काउंसिल की बैठक को संबोधित करते हुए, शहबाज शरीफ ने कहा, कि वह अपने बड़े भाई के पाकिस्तान लौटने और फिर पार्टी की बैठक आयोजित करने की प्रतीक्षा कर रहे थे, ताकि वह पीएमएल-एन की अध्यक्षता वापस उन्हें सौंप सकें।

लंदन में रह रहे हैं नवाज शरीफ
आपको बता दें, कि पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ नवंबर 2019 से ही लंदन में निर्वासित जीवन जी रहे हैं। पाकिस्तान की अदालत उन्हें भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहरा चुकी है, जिसके बाद वो बीमारी का बहाना कर भाग गये थे। पाकिस्तानी पत्रकारों का कहना है, कि इमरान खान ने ही उन्हें एक 'डील' के बाद पाकिस्तान से भागने की इजाजत दी थी।
हालांकि, अब जब पाकिस्तान में बहुत उम्मीद है कि अक्टूबर महीने में देश में लोकसभा चुनाव हो सकते हैं, तो एक बार फिर से नवाज शरीफ के वापस पाकिस्तान आने की संभावना बन गई है। इमरान खान की पार्टी करीब करीब खत्म कर दी गई है और तमाम विपक्षी पार्टियां अब शहबाज शरीफ की सरकार में ही गठबंधन में हैं, और सेना भी साथ है, लिहाजा अब नवाज शरीफ का पाकिस्तान लौटना सुरक्षित माना जा रहा है।
नवाज शरीफ तीन बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रह चुके हैं और जियो न्यूज के मुताबिक, प्रधानमंत्री शहबाज को पीएमएल-एन की अध्यक्षता उस वक्त मिली थी, जब पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने नवाज शरीफ को भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराया था और उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
क्या पाकिस्तान लौटेंगा नवाज?
नवाज शरीफ के पाकिस्तान लौटने के कयास, शहबाज शरीफ के प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही लगाए जा रहे हैं, लेकिन पाकिस्तानी एक्सपर्ट्स का कहना है, कि सही वक्त की तलाश की जा रही है।
शहबाज शरीफ एक बार फिर से पीएमएल-एन के अध्यक्ष चुने गये हैं और नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज पीएमएल की उपाध्यक्ष चुनी गई हैं और इस मौके पर शहबाज शरीफ ने मरियम को युवा नेता बताते हुए उनसे और कड़ी मेहनत करने के लिए कहा है। पीएम शहबाज ने कहा, "नवाज शरीफ के पाकिस्तान लौटने पर आप देखेंगे, कि राजनीति का नक्शा बदल जाएगा।"
दरअसल, नवाज शरीफ की पाकिस्तान वापसी के लिए शहबाज सरकार लगातार रास्ता बना रही है और पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट रिव्यू ऑफ जजमेंट्स एंड ऑर्डर्स एक्ट 2023 पर हस्ताक्षर कर दिए हैं, जिसमें नवाज शरीफ को 60 दिनों के भीतर अपने आजीवन अयोग्यता के खिलाफ अपील करने का अधिकार दिया गया है। यानि, अब नवाज शरीफ अपनी अयोग्यता के खिलाफ अपील कर सकते हैं।
इस नए कानून के तहत अब अनुच्छेद 184(3) के तहत आने वाले मामलों में अदालती फैसलों के खिलाफ अपील दायर की जा सकेगी। समा न्यूज के मुताबिक, ये कानून अब पिछले फैसलों पर भी लागू होगा।

नवाज शरीफ 2017 में ठहराए गये थे अयोग्य
आपको बता दें, कि पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने 28 जुलाई 2017 को पनामा पेपर मामले में नवाज शरीफ को अयोग्य घोषित कर दिया था।
पाकिस्तान की शीर्ष अदालत ने पनामा मामले में अपने बेटे से मिले अवैतनिक सैलरी छुपाने के लिए जीवन भर के लिए उनके किसी भी सार्वजनिक पद पर रहने पर प्रतिबंध लगा दिया। एक साल बाद, अदालत ने चुनाव अधिनियम 2017 को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर फैसला सुनाते हुए कहा, कि अनुच्छेद 62 और 63 के तहत अयोग्य घोषित व्यक्ति राजनीतिक दल के प्रमुख के रूप में काम नहीं कर सकता है औसर उसके बाद नवाज शरीफ को अपनी पार्टी की अध्यक्षता से भी इस्तीफा देना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications