तीसरा विश्वयुद्ध ‘परमाणु और विनाशकारी’ होगा, यूक्रेन से बातचीत से पहले रूस की तरफ से बहुत बड़ी धमकी
यूक्रेन पर रूसी आक्रमण बुधवार को सातवें दिन में प्रवेश कर चुका है और राजधानी कीव और अन्य बड़े शहरों में लड़ाई काफी तेज गति से जारी है।
मॉस्को/कीव, मार्च 02: यूक्रेन युद्ध के बीच रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि, तीसरा विश्व युद्ध 'परमाणु और विनाशकारी' होगा और उन्होंने दावा किया है कि, रूस यूक्रेन को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं देगा। रूसी विदेश मंत्री लावरोव ने कहा कि, रूस पहले से ही प्रतिबंधों के लिए तैयार था, लेकिन उसे उम्मीद नहीं थी कि, पश्चिमी देश उसके एथलीटों, पत्रकारों और सांस्कृतिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों को निशाना बनाएगा।

रूसी विदेश मंत्री ने क्या कहा?
यूक्रेन पर रूसी आक्रमण बुधवार को सातवें दिन में प्रवेश कर चुका है और राजधानी कीव और अन्य बड़े शहरों में लड़ाई काफी तेज गति से जारी है। इस बीच, रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि, वह यूक्रेन सिक्योरिटी सर्विस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले लक्ष्यों पर हमला करने की योजना बना रहा था। रूसी सेना ने अपने सैन्य अभियानों को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाया है और युद्ध के सातवें दिन यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव को रॉकेट और भारी तोपखाने की गोलीबारी के साथ नीचे गिरा दिया है। खारकीव में रूसी सेना ने भारी तबाही मचाई है, लेकिन अभी भी खारकीव पर कब्जा नहीं हो पाया है। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने खारकीव में गोलाबारी को "युद्ध अपराध" करार दिया है।

आज होगी दूसरे दौर की वार्ता
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन को अपना समर्थन दिया लेकिन कहा कि अमेरिका रूस के खिलाफ अपनी लड़ाई में शामिल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ मिलकर नाटो क्षेत्रों की रक्षा करेगा। रूस और यूक्रेन के बीच दूसरे दौर की वार्ता आज होगी। दोनों पक्षों ने सोमवार को पहले दौर की बातचीत के बाद फिर से मिलने का फैसला किया है, लेकिन पहले दौर की बातचीत में कोई ठोस परिणाम नहीं निकला था। बेलारूस के सीमावर्ती शहर गोमेल में सोमवार को पहले दौर की वार्ता करीब पांच घंटे तक चली थी।
Recommended Video

विक्टर यानुकोविच को रूस बनाना चाहता राष्ट्रपति?
यूक्रेनी खुफिया के अनुसार, यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच वर्तमान में बेलारूस के मिन्स्क में हैं, और क्रेमलिन वर्तमान में उन्हें एक विशेष अभियान के लिए तैयार कर रहा है। यूक्रेनी मीडिया के दावे के मुताबिक, क्रेमलिन उन्हें "यूक्रेन का राष्ट्रपति" घोषित करने का प्रयास करेगा। प्राप्त जानकारी से संकेत मिलता है कि, क्रेमलिन पूर्व राष्ट्रपति यानुकोविच को यूक्रेन वापस लाने की तैयारी कर रहा है और माना जा रहा है कि, कीव पर कब्जा करने के बाद विक्टर को यूक्रेन का अगला राष्ट्रपति घोषित किया जा सकता है।

परमाणु युद्ध: भीषण तबाही की आशंका
आपको बता दें कि परमाणु हमले से दुनिया इस वक्त इसीलिए अधिक डरी हुई है, क्योंकि अभी तक इतिहास में एक ही परमाणु अटैक हुआ है, अमेरिका ने किया था। 77 साल पहले अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा और नागासाकी में परमाणु बम गिराए थे। 6 अगस्त को हिरोशिमा में तो वहीं 9 अगस्त को नागासाकी में न्यूक्लियर अटैक हुआ था। ऐसे दावे किए जाते हैं कि हिरोशिमा में करीब 80 हजार और नागासाकी में करीब 70 हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। उस अटैक का जापान पर इतना घातक असर हुआ कि वहां जन्म लेनी वाली कई पीढ़ियां विकलांग पैदा हुईं। ऐसे में आज के समय में रूस के पास मौजूद परमाणु बम अमेरिका के परमाणु बमों से बहुत अधिक घातक हैं, जो दुनिया में तबाही मचा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications