पहली बार अंतरिक्ष में होगी फिल्म की शूटिंग, रूस की फिल्म ने हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज को छोड़ा पीछे
पहली बार अंतरिक्ष स्टेशन में फिल्म की शूटिंग करते रूस इतिहास बनाने जा रहा है। इसी के साथ ही टॉम क्रूज अंतरिक्ष में फिल्म शूट करने वाले पहले अभिनेता नहीं बन पाए।
मॉस्को, अक्टूबर 05: अब तक अंतरिक्ष आधारित फिल्मों की शूटिंग धरती पर की जाती थी और कम्प्यूटर के जरिए काल्पनिक दृश्यों को बनाया जाता था, लेकिन इंसानी इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है, जब किसी फिल्म की वास्तविक शूटिंग अंतरिक्ष में की जाएगी। आज रूस एक इतिहास बनाने जा रहा है और पहली बार ऐसा होने जा रहा है, जब एक फिल्म की शूटिंग अंतरिक्ष में की जाएगी।

अंतरिक्ष में फिल्म की शूटिंग
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस पहली बार एक अभिनेता और एक फिल्म निर्देशक को अंतरिक्ष में एक फीचर फिल्म की शूटिंग के लिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर भेजने जा रहा है। रूस अपने फिल्म अभिनेताओं और डायरेक्टर को रूसी सोयुज अंतरिक्ष यान में लॉन्च करने के लिए तैयार है और आज ये टीम अंतरिक्ष स्पेस स्टेशन के लिए रवाना होगी। मॉस्को के अंतरिक्ष प्रमुख ने अंतरिक्ष फिल्म परियोजना को "रूस के अंतरिक्ष कार्यक्रम की प्रतिष्ठा बढ़ाने वाला मौका बताया है।

यूलिया पेरसिल्ड करेंगी फिल्म की शूटिंग
रूसी अभिनेता यूलिया पेरसिल्ड और निर्देशक क्लिम शिपेंको को आज अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। अंतरिक्ष के दिग्गज अंतरिक्ष यात्री एंटोन श्काप्लेरोव के साथ दोनों को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। इस फिल्म का नवाम ''चैलेंज'' है, जो एक अंतरिक्ष आधारित फिल्म है। फिल्म की कहानी एक सर्जन पर आधारित है, जो इंटरनेशनल अंतरिक्ष एजेंसी पर मौजूद एक सदस्य को बचाता है, जो दिल की बीमारी से पीड़ित है। Roscosmos वेबसाइट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरिक्ष में फिल्माने जाने वाले इस प्रोजेक्ट से ये साबित होता है कि धीरे- धीरे अंतरिक्ष सिर्फ वैज्ञानिकों के लिए ही नहीं होगा, बल्कि अब अंतरिक्ष को लेकर लोगों की रूचि काफी बढ़ रही।

क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म के डायरेक्टर क्लिम शिपेंको, जो खुद भी इस फिल्म में एक्टिंग कर रहे हैं, उन्होंने इस फिल्म को लेकर कहा कि फिल्म की कहानी एक ऐसे डॉक्टर की है, जो कभी अंतरिक्ष नहीं गई है, लेकिन वो अंतरिक्ष में मौजूद एक यात्री के दिल की बीमारी का इलाज करने के लिए जाती है। पहले डायरेक्टर ने कहा था कि ये फिल्म असल में एक प्रयोग है और उन्होंने किसी से भी इस फिल्म को लेकर सलाह नहीं ली थी। सबसे खास बात ये है कि फिल्म की शूटिंग के लिए एक भी कैमरामेन स्पेस में नहीं जा रहा है और डायरेक्टर को अभी नहीं पता है कि वहां पर शूटिंग कैसे की जाएगी। उन्होंने कहा कि, उनके लिए ये प्रोजेक्ट पूरी तरह से अलग है और उन्हें नहीं पता है कि अंतरिक्ष में पहुंचने के बाद वो फिल्म की शूटिंग कैसे करेंगे।

12 दिनों का है अंतरिक्ष में मिशन
फिल्म में काम करने वाली अभिनेत्री यूलिया पेरसिल्ड, डायरेक्टर क्लिम शिपेंको और अंतरिक्ष यात्री एंटोन श्काप्लेरोव आज कजाखस्तान के बैकोनूर कोस्मोड्रोम से इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए उड़ान भरेंगे और उनका ये मिशन 12 दिनों का होगा। फिल्म की शूटिंग के लिए उन्हें खास तरह की ट्रेनिंग दी गई है और अंतरिक्ष में वो फिल्म के अलग अलग हिस्सों को शूट करेंगे।
Recommended Video

आसान नहीं होगा शूटिंग- अभिनेत्री
फिल्म की अभिनेत्री यूलिया पेरसिल्ड ने कहा कि, ''ये मिशन मेरे लिए कतई आसान नहीं है।'' एसोसिएट प्रेस से बात करते हुए उन्होंने कहा कि, ''पिछले दो हफ्तों से मैं रात-रात भर जागकर अंतरिक्ष में काम करने के लिए ट्रेनिंग ले रही हूं। वहां पर कई सारी चुनौतियां आने वाली हैं, जिनके लिए मैं खुद को तैयार करने की कोशिश कर रही हूं''। उन्होंने कहा कि, ''अगर आप एक एक बात को नहीं सीखते हैं, तो फिर वहां पर आप खुद को एक मुश्किल भरी स्थिति में पाएंगे''।

अब टॉम क्रूज नहीं बन पाएंगे नंबर-1
इस टीम के अंतरिक्ष में रवाना होने के साथ ही अंतरिक्ष में शूटिंग करने वाले पहले अभिनेता विश्वप्रसिद्ध अभिनेता टॉम क्रूज नहीं बन पाएंगे और इसी के साथ तय हो गया है कि रूस ने अमेरिका को अंतरिक्ष में फिल्म की शूटिंग के लिए हरा दिया है। अभी तक जो रिपोर्ट आ रही थी, उसमें कहा जा रहा था कि टॉम क्रूज अपनी एक्शन फिल्म मिशन इंपॉसिबल की शूटिंग अंतरिक्ष में जाकर करेंगे, लेकिन अब वो पहले अभिनेता नहीं होंगे, जो अंतरिक्ष में फिल्म की शूटिंग करेगा। अभी भी रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि टॉम क्रूज अपनी फिल्म के लिए अंतरिक्ष में जाकर बेहद खतरनाक स्टंट करने वाले हैं और टॉम क्रूज को लेकर जिज्ञासा इसलिए भी बढ़ जाती है, क्योंकि वो अपनी फिल्मों में सारे खतरनाक स्टंट खुद करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications