रूसी सेना का मारियुपोल के ईस्ट एरिया पर कब्जा, जेलेंस्की ने की पुतिन से बातचीत की पेशकश
कीव, 12 मार्च: यूक्रेन पर रूस का 17 दिनों से हमला जारी है। दोनों देशों के बीच तीन बार की शांति वार्ता हो चुकी है, लेकिन तीनों ही बेनतीजा साबित हुई। स्थिति यह है कि दोनों ही देश एक दूसरे के सामने झुकने के लिए तैयार नहीं हैं। रूस की मिसाइलें भी यूक्रेन के हौसले नहीं तोड़ पा रही है। इस बीच ताजा खबर कीव इंडिपेंडेंट ने यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के हवाले से दी है कि रूसी सेना ने मारियुपोल के ईस्ट एरिया पर कब्जा कर लिया है। वहीं यह भी खबर है कि जेलेंस्की ने पुतिन से बातचीत का प्रस्ताव रखा है।

यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि रूसी सेना ने बंदरगाह शहर मारियुपोल के पूर्वी बाहरी इलाके पर कब्जा कर लिया है। बता दें कि 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमले की शुरुआत के बाद से रूस के लिए यह शहर प्राथमिकता रही है। यहां तक की मारियुपोल के लोग एक हफ्ते से अधिक समय से बिजली, गैस और पानी के बिना रह रहे हैं।
मारियुपोल में अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि मारियुपोल की घेराबंदी में पहले ही 1,582 लोगों की जान जा चुकी है। मारियुपोल के मेयर ऑफिस द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि शहर में मानवीय आपदा है और मृतकों को दफन भी नहीं किया जा रहा है। इससे पहले बुधवार को यूक्रेन की सरकार ने रूस पर मारियुपोल में एक बच्चों के अस्पताल पर गोलाबारी करने का आरोप लगाया था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी।
जेलेंस्की ने रखा पुतिन से बातचीत का प्रस्ताव
वहीं कीव इंडिपेंडेंट के हवाले से यह भी खबर सामने आई है कि जेलेंस्की ने पुतिन के साथ बातचीत की पेशकश की है। रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सीधे बातचीत का प्रपोजल रखा है। उन्होंने येरूशलम में मिलने का प्रस्ताव रखा है। राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने इजरायली प्रधानमंत्री नफताली बेनेट को मध्यस्थ के रूप में कार्य करने के लिए कहा है।












Click it and Unblock the Notifications