यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस के भीषण हमले, हथियार ठिकानों पर मिसाइल बरसा रही पुतिन की सेना
रूस ने पिछले साल 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला किया था और ये लड़ाई पिछले 15 महीनों से जारी है। वहीं, अमेरिका और पश्चिमी देशों ने यूक्रेन की मदद और बढ़ाने का फैसला किया है।

Russia-Ukraine War: यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस एक के बाद एक भीषण हमले कर रहा है और अलजजीरा की रिपोर्ट में कहा गया है, कि यूक्रेन की राजधानी कीव में इस महीने 15वें रूसी हवाई हमले और लगातार दूसरी रात कई धमाके किए गये हैं।
राजधानी कीव के मेयर विटाली क्लिट्सको ने सोमवार तड़के टेलीग्राम मैसेजिंग चैनल पर कहा, कि "कीव के पास एक मिसाइल को मार गिराया गया है और राजधानी में तैनात यूक्रेनी एयर डिफेंस सिस्टम अभी भी काम कर रहा है।"
उन्होंने कहा, कि कीव के ऐतिहासिक पड़ोसी शहर पोडिल शहर सहित राजधानी कीव के कई जिलों में धमाकों की आवाज सुनी गई और एक मिसाइल का मलबा गिरने की वजह से एक घर का छत छतिग्रस्त हो गया है।
हालांकि, राजधानी कीव के मेयर और स्थानीय प्रशासन ने दावा किया है, कि रात भर के हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ है।
राजधानी कीव पर रूसी हमले
बताया जा रहा है, कि सोमवार को रूस की तरफ से जो हमले किए जा रहे हैं, वो ड्रोन और मिसाइलों का मिश्रण मालूम होता है। पिछली रात में भी कीव में भारी संख्या में ड्रोन हमले किए गये थे, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हो गये थे।
यूक्रेनी अधिकारियों ने दावा किया है, कि शनिवार से लेकर अभी तक एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए करीब 40 ड्रोन को मार गिराया गया है।
कीव इंडिपेंडेंट न्यूज वेबसाइट ने बताया, कि ज्यादातर रूसी ड्रोन ईरानी निर्मित शहीद ड्रोन थे, जिसको लेकर ईरान बार बार इनकार करता रहा है।
वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने देश की रक्षा करने के लिए देश के वायु रक्षा बलों को धन्यवाद दिया और अपनी संसद से शहीद ड्रोन सहित रूस को हथियारों की आपूर्ति करने के लिए ईरान के खिलाफ प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया है।
रॉयटर्स समाचार एजेंसी ने कई जोरदार धमाकों की सूचना दी है, जबकि शहर और यूक्रेन के बाकी हिस्सों में सोमवार तड़के ही हवाई हमले को लेकर अलर्ट जारी किया गया था।
मारे गये हैं करीब 500 बच्चे
यूक्रेन के जनरल प्रॉसिक्यूटर के कार्यालय का कहना है, कि यूक्रेन में रूस के आक्रमण के कारण 483 बच्चे मारे गए हैं और 986 से अधिक बच्चे घायल हुए हैं।
उन्होंने टेलीग्राम चैनल पर आंकड़ा जारी करते हुए कहा, कि "मृतकों और घायलों की कुल संख्या 1,469 है, जिनमें से डोनेट्स्क ओब्लास्ट में 462, खार्किव ओब्लास्ट में 278, कीव ओब्लास्ट में 128, खेरसॉन ओब्लास्ट में 102, ज़ापोरिझिया ओब्लास्ट में 91, माइकोलाइव ओब्लास्ट में 89, निप्रॉपेट्रोस ओब्लास्ट में 72, चेर्निहाइव ओब्लास्ट में 70 और 67 बच्चे लुहांस्क ओब्लास्ट से मारे गये हैं या घायल हुए हैं।"
वहीं, यूक्रेन ने रूस की 37 क्रूज मिसाइलों और 29 ड्रोन को रातोंरात मार गिराने का दावा किया है। यूक्रेनी सेना का कहना है, मास्को के आक्रमण के बाद से यूक्रेनी राजधानी पर सबसे भारी ड्रोन बैराज से हमला किया था।
यूक्रेन के सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ वालेरी ज़ालुज़नी ने सोशल मीडिया पर कहा, कि कुल "40 मिसाइल और करीब 35 ड्रोन" लॉन्च किए गए थे, जिनमें से क्रमशः 37 मिसाइल और 29 ड्रोन को मार गिराया गया है।
जबकि, क्षेत्रीय गवर्नर ने कहा है, कि रूस ने यूक्रेन के पश्चिमी क्षेत्र ख्मेलनित्सकी में हवाई हमलों में एक सैन्य लक्ष्य को निशाना बनाया और बचावकर्ता अब भी आग पर काबू पाने के लिए काम कर रहे हैं। मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर Khmelnytskyi के क्षेत्रीय गवर्नर के कार्यालय ने लिखा, "फिलहाल, ईंधन और स्नेहक और गोला-बारूद के भंडारण केन्द्र में आग लगी है, जिसे बुझाने का काम जारी है।"
Recommended Video

आपको बता दें, कि रूस पहले ही कह चुका है, कि वो यूक्रेन के अंदर पश्चिमी देशों से भेजे गये हथियारों और गोला बारूद पर हमला करने का अधिकार सुरक्षित रखता है और माना जा रहा है, कि रूसी हमला, यूक्रेन को मदद के लिए भेजे गये हथियारों को नष्ट करना है।












Click it and Unblock the Notifications