नाटो-अमेरिका का दावा, अभी भी रूस यूक्रेन की सीमा पर भेज रहा सेना
वॉशिंगटन, 17 फरवरी। अमेरिका और नाटो ने कहा है कि रूस अभी भी यूक्रेन सीमा के पास सेना का जमावड़ा कर रहा है। गौर करने वाली बात है कि रूस के संभावित हमले के बीच यूक्रेन के लोगों ने अपनी एकता को दिखाने के लिए बुधवार को देश का झंडा फहराया और राष्ट्रगान गाया। वहीं यूक्रेन की सरकार की ओर से कहा गया है कि रक्षा मंत्रालय पर साइबर हमला अपने आप में अबतक का सबसे बड़ा हमला है। यूक्रेन ने रूस पर इस साइबर हमले को लेकर निशाना साधा है, लेकिन रूस ने इससे साफ इनकार किया है। रूस के रक्षा मंत्री ने कहा है कि यूक्रेन की सीमा से सेना को वापस बुलाया जा रहा है। रूस की ओर से एक वीडियो भी साझा किया गया है जिसमे टैंक और अन्य लडाकू वाहन वापस जा रहे हैं,जिन्हें मॉस्को ने 2014 में यूक्रेन से जब्त किया था।

वेस्टर्न इंटेलिजेंस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पूरी फरवरी में यूक्रेन पर रूसी हमले का खतरा बना रहेगा, रूस अभी भी यूक्रेन पर हमला कर सकता है, वह भी बिना किसी चेतावनी के। वहीं विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले महीनों में यह संकट और बढ़ सकता है। यूरेशिया डेमोक्रेटिक इनिशिएटिव के डायरेक्टर पीटर जालमेयेव ने कहा कि यह संकट अनिश्चित काल तक चल सकता है, चूहे-बिल्ली का खेल अभी शुरू हुआ है। जबकि नाटो के सेक्रेटरी जनरल जेंस स्टॉलेनबर्ग ने कहा कि सेना और टैंक को आगे भेजना, पीछे करना इस बात का सबूत नहीं है कि सेनाएं वापस जा रही हैं। हम जो देख पा रहे हैं उसके अनुसार सेनाओं की संख्या बढ़ रही है और वह आगे बढ़ रहे हैं। लिहाजा अभी युद्ध टलने के संकेत नहीं मिल रहे हैं।
स्टोलेनबर्ग ने कहा कि नाटो सैटेलाइट की तस्वीरों से यह साबित कर सकती है कि रूस सेना को वापस नहीं बुला रहा है। वहीं ब्रिटेन के डिफेंस सेक्रेटरी बेन वैलेस ने कहा कि यूके एस्टोनिया में अपनी सेना की संख्या को दोगुना कर सकता है। गौर करने वाली बात है कि बुधवार को व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया था कि राष्ट्रपति जो बाइडेन यूक्रेन की संप्रभुता को लेकर अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है।












Click it and Unblock the Notifications