अमेरिकी हमले में ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी की मौत पर बोला रूस, मिडिल ईस्ट में बढ़ेगा तनाव
कासिम सुलेमानी की मौत से मिडिल ईस्ट में बढ़ेगा तनाव: रूस
नई दिल्ली। अमेरिकी हमले में सीनियर कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए रूस ने कहा है कि इससे मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ेगा। रूस के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ईरान के सीनियर कमांडर कासिम सुलेमानी की हत्या मिडिल ईस्ट क्षेत्र में तनाव को और बढ़ाएगी। ईरान के लोगों के प्रति हम अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हैं। ईरान के लोंगो ने कमांडर सुलेमानी जैसे शख्स को खोया है, जो अपने राष्ट्री के हितों के रक्षक के रूप में खड़े रहे।

ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के मुखिया जनरल कासिम सुलेमानी की बगदाद के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर शुक्रवार सुबह किए गए अमेरिकी हमले में मौत हो गई। अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने इराक में कासिम सुलेमानी के मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर किया गया था।
सुलेमानी का काफिला बगदाद एयरपोर्ट की ओर बढ़ रहा था, इसी दौरान अमेरिका ने हवाई हमला कर दिया। इस हमले में ईरान समर्थित पॉप्युलर मोबलाइजेशन फोर्स के डेप्युटी कमांडर अबू मेहदी अल मुहांदिस के भी मारे गए।
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनी ने सुलेमानी की मौत के बाद कहा है कि वो इसका बदला लेंगे उन्होंने ट्वीट किया, सुलेमानी की शहादत हाल के सालों में उनके निरंतर प्रयासों का पुरस्कार है। उनके जाने के बाद भी उनका काम और उनकी राह नहीं रुकेगी। उन गुनाहगारों से बदला लिया जाएगा, जिन्होंने अपने हाथ उनके और दूसरे शहीदों के खून से रंगे हैं।
वहीं अमेरिकी रक्षा मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि जनरल सुलेमानी इराक में अमेरिकी राजनयिकों और सैन्य कर्मियों पर हमले की सक्रिय रूप से योजना बना रहा था। जनरल सुलेमानी और उसकी फोर्स सैकड़ों अमेरिकियों की मौत और हजारों को जख्मी करने के लिए जिम्मेदार हैं।












Click it and Unblock the Notifications