युद्ध में रूस को हरा सकता है यूक्रेन, हम दे रहे हैं हथियार, अमेरिका का बड़ा दावा, क्या हार रहे हैं पुतिन?
अमेरिका के रक्षा मंत्री ने कीव में राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात के बाद कहा कि, ‘जीतने में पहला कदम यह विश्वास करना है कि आप जीत सकते हैं। और इसलिए वे मानते हैं कि हम जीत सकते हैं"।
कीव, अप्रैल 25: यूक्रेन युद्ध शुरू हुए तीसरा महीना शुरू हो चुका है और अब अमेरिका की तरफ से बेहद चौंकाने वाला बयान आया है। अमेरिका के रक्षा मंत्री और अमेरिका के विदेश मंत्री इस वक्त यूक्रेन के दौरे पर हैं और राजधानी कीव में उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति से मुलाकात की है, जिसमें अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा कि, बाइडेन प्रशासन रूस को इस हद तक कमजोर देखना चाहता है, कि रूस कभी इस तरह का काम नहीं कर पाए, जो उसने यूक्रेन में किया है।

यूक्रेन दौरे पर अमेरिकी अधिकारी
अमेरिका के रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन और अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कीव का दौरा किया है और और रूसी आक्रमण के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की से मुलाकात की है। इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि, रूस अपने युद्ध के उद्देश्यों को पूरा करने में नाकामयाब हो रहा है और यूक्रेन इस युद्ध में कामयाब हो रहा है। अमेरिकी अधिकारियों का ये बयान काफी हैरान करने वाला है, क्योंकि यूक्रेन भी पूरी तरह से बर्बाद हो चुका है और रूस भी बर्बादी के कगार पर पहुंच चुका है। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की से मुलाकात की और उन्हें सैन्य सहायता बढ़ाने और अमेरिकी राजनयिकों की वापसी का आश्वासन दिया है।

अमेरिका देगा और हथियार
एंटनी ब्लिंकन और अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने रविवार को कीव में जेलेंस्की से मुलाकात की। बैठक के दौरान, अधिकारियों ने यूक्रेन के राष्ट्रपति को बताया कि अमेरिका ने यूक्रेन को लगातार मदद देने का फैसला किया है और यूक्रेन युद्ध में अमेरिका ने फौरन 165 मिलियन डॉलर के हथियार यूक्रेन को बेचेगा और इसके साथ ही अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि, अमेरिका ने यूक्रेन की मदद के लिए 300 मिलियन डॉलर देने का फैसला किया है। ब्लिंकन ने यह भी कहा कि, राष्ट्रपति जो बाइडेन यूक्रेन में अगले अमेरिकी राजदूत के रूप में अनुभवी राजनयिक ब्रिजेट ब्रिंक के नामांकन की घोषणा करेंगे। ब्रिंक ने विभिन्न राजनयिक पदों पर कार्य किया है और 2019 से स्लोवाकिया में एक राजदूत के रूप में सेवा कर रहे हैं। विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि, युद्ध से पहले यूक्रेन छोड़ने वाले अमेरिकी राजनयिक आने वाले हफ्तों में वापस यूक्रेन लौट आएंगे।

‘युद्ध हार रहा है रूस’
अमेरिका के विदेश मंत्री ने कहा कि, "जब रूस के युद्ध के लक्ष्य को प्राप्त करने की बात आती है, तो रूस नाकामयाब हो रहा है। यूक्रेन सफल हो रहा है। रूस ने अपने प्रमुख उद्देश्य के रूप में यूक्रेन को पूरी तरह से अपने अधीन करने, उसकी संप्रभुता को छीनने, उसकी स्वतंत्रता को छीनने की मांग की है। यह विफल रहा है'। ज़ेलेंस्की ने अपनी ओर से अमेरिका के समर्थन की सराहना की और युद्ध को समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयासों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि, 'कुछ क्षेत्रों में हमारी सेना की ताकत और समर्थन के मामले में प्राथमिकताएं संयुक्त राज्य अमेरिका और हमारे सहयोगियों, यूरोपीय नेताओं से हथियार और समर्थन हैं... दूसरा मुद्दा पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के कारण रूसी संघ के खिलाफ प्रतिबंध नीति है। और यूक्रेन में उन्होंने जो भी आतंक किया है, उसके खिलाफ हमने उनपर प्रतिबंध लगाए हैं'।

‘रूस को हो रहा भारी नुकसान’
वहीं, यूनाइटेड किंगडम की सैन्य खुफिया एजेंसी ने अपने नवीनतम अपडेट में कहा है कि, यूक्रेन में लड़ रहे रूसी सैनिकों को भोजन और हथियारों की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में नहीं हो पा रही है, इसीलिए उन्हें युद्ध में ना कामयाबी मिल रही है और नाही वो किसी भी क्षेत्र पर कब्जा कर पाने में कामयाब हो पा रहे हैं। ब्रिटिश एजेंसी ने कहा कि, 'डोनबास पर पूरी तरह से कब्जा करने के लिए अपना ध्यान केंद्रित करने के बाद से रूस ने कुछ क्षेत्रों में मामूली प्रगति की है'।

मारियुपोल पर रूस का नियंत्रण
वहीं, पूर्वी यूक्रेन के एक प्रमुख बंदरगाह शहर मारियुपोल में रूसी नियंत्रण को लेकर बोलते हुए यूके की सैन्य खुफिया ने कहा कि, 'रूस के मारियुपोल के अज़ोवस्टल स्टील प्लांट पर हमले के बजाय घेरने के फैसले का मतलब है, कि कई रूसी इकाइयां शहर में स्थिर रहती हैं। और रूसी सैनिकों को बढ़ाया नहीं गया है। यूके की एजेंसी ने कहा कि, मारियुपोल को बचाने में लगे यूक्रेनी सैनिकों ने कई रूसी मिलिट्री इकाइयों को ध्वस्त कर दिया है, जिससे रूसी सैनिकों की युद्ध प्रभावशीलता कम हुई है। वहीं, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि, रूसी रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को दावा किया है कि, उसके बलों ने यूक्रेनी सैन्य प्रतिष्ठानों और क्रेमेनचुग तेल रिफाइनरी पर हमला किया है। रूसी समाचार एजेंसी के अनुसार, उसके बलों ने रात भर में कम से कम 56 सैन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमले किए हैं।

अमेरिका ने कहा, यूक्रेन जीतेगा
वहीं, अमेरिका के रक्षा मंत्री ने कीव में राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात के बाद कहा कि, 'जीतने में पहला कदम यह विश्वास करना है कि आप जीत सकते हैं। और इसलिए वे मानते हैं कि हम जीत सकते हैं"। यूक्रेन रूसी सेना का मुकाबला करने के लिए आक्रामक हथियारों की मांग के सवाल पर अमेरिका के रक्षा मंत्री ने कहा कि, "वे (यूक्रेन) जीत सकते हैं अगर उनके पास सही उपकरण और सही समर्थन है'। इसके साथ ही ऑस्टिन ने रूस के खिलाफ यूक्रेन के कड़े प्रतिरोध का जिक्र भी किया है। इसके साथ ही ऑस्टिन यूक्रेन की मदद के लिए 700 मिलियन डॉलर के सैन्य सहायता पैकेज की भी घोषणा की है। अमेरिकी रक्षा सचिव ने कहा, "रूस पहले ही बहुत सारी सैन्य क्षमता खो चुका है। और उसके बहुत सारे सैनिक खत्म हो चुके हैं और हम देखना चाहते हैं, कि उनके पास अपनी क्षमता को फिर से हासिल करने की क्षमता है या नहीं'।












Click it and Unblock the Notifications