राष्ट्रपति पुतिन से शांति वार्ता के लिए तैयार हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की, रूसी न्यूज एजेंसी का दावा
यूक्रेन युद्ध में अभी तक कितने सैनिक मारे गये हैं, इसकी सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन, युद्ध के पहले दिन यूक्रेनी राष्ट्रपति ने 137 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की थी।
कीव, 26 फरवरी 26: रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी टास ने बड़ा दावा किया है। रूस सरकार की न्यूज एजेंसी 'टास' ने कहा है कि, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत करने के लिए तैयार हो गये हैं। रूसी सरकारी एजेंसी ने रिपोर्ट दी है कि, यूक्रेन के राष्ट्रपति जलेंस्की के प्रेस सचिव सर्गेई निकिफोरोव ने कहा है कि, जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति के शांति वार्ता के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।

शांति वार्ता के लिए तैयार जेलेंस्की
न्यूज एजेंसी टास ने कहा है कि, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के प्रेस सचिव सर्गेई निकिफोरोव ने शनिवार को कहा कि, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है और शांति और युद्धविराम पर बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा, "मुझे आरोपों का खंडन करना होगा कि हमने बातचीत करने से इनकार कर दिया है। यूक्रेन हमेशा से रहा है और शांति और युद्धविराम पर बातचीत के लिए तैयार है। यह हमारी स्थायी स्थिति है। हमने रूसी राष्ट्रपति के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।"

बातचीत का समय-स्थान तय नहीं
निकोफोरोव के अनुसार, वार्ता के स्थान और समय के बारे में विचार-विमर्श चल रहा है। उन्होंने कहा कि जितनी जल्दी वार्ता शुरू होगी, उतनी ही जल्दी सामान्य जीवन बहाल करने की उतनी ही अधिक संभावनाएं होंगी। रूसी न्यूज एजेंसी टास के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति के प्रेस सचिव दिमित्री पेसकोव ने पहले कहा था कि, पुतिन यूक्रेन के साथ बातचीत के लिए मिन्स्क में एक प्रतिनिधिमंडल भेजने के लिए तैयार हैं। बाद में, उन्होंने कहा कि बेलारूसी राजधानी शहर में वार्ता आयोजित करने की पहल के जवाब में यूक्रेनी पक्ष ने वारसॉ को बातचीत के लिए एक संभावित स्थान के रूप में सुझाया और लेकिन, उसके बाद में यूक्रेनी पक्ष से संपर्क नहीं हो पाया।

रूस अभी भी कर रहा भयानक हमले
रूस ने यूक्रेन के खिलाफ हमले और तेज कर दिया हैं। कई शहरों को तबाह करने के बाद रूसी सेना राजधानी कीव पर कब्जा करने के लिए पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में शनिवार को रूसी सेना ने एक मिसाइल दागी जिसने राजधानी कीव की एक आवासीय इमारत को तबाह कर दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। मिसाइल के इमारत से टकराने के बाद एक जोरदार विस्फोट हुआ और इमारत का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया।

यूक्रेन को युद्ध में भारी नुकसान
यूक्रेन युद्ध में अभी तक कितने सैनिक मारे गये हैं, इसकी सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन, युद्ध के पहले दिन यूक्रेनी राष्ट्रपति ने 137 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की थी। वहीं, ब्रिटेन की तरफ से जारी एक आंकड़ों में कम से कम 450 रूसी सैनिक और 194 यूक्रेनी (सैनिक और नागरिक) लोगों के मारे जाने का दावा किया गया है। जबकि, रूस ने दावा किया है कि, उसने अब तक 211 यूक्रेनी सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया है, जबकि यूक्रेन ने दावा किया है कि, 80 टैंक, 516 बख्तरबंद गाड़ियां, 7 हेलीकॉप्टर, 10 एयरक्राफ्ट और 20 क्रूज मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया है।












Click it and Unblock the Notifications