Donald Trump: डोनाल्ड ट्रंप के कट्टर विरोधी रॉन डिसेंटिस रेस से पीछे हटे, अब सिर्फ निक्की हेली से मुकाबला
Ron DeSantis US presidential race: डोनाल्ड ट्रंप के सबसे विरोधी माने जाने वाले रॉन डिसेंटिस ने अपने राष्ट्रपति चुनाव अभियान को सस्पेंड कर दिया है। रॉन डिसेंटिस वो उम्मीदवार थे, जिनकी उम्मीदवारी की रेस में शामिल होने से पहले से ही डोनाल्ड ट्रंप डरे हुए थे।
विवेक रामास्वामी के बाद अब रॉन डिसेंटिस ने डोनाल्ड ट्रंप के लिए रास्ता खाली कर दिया है और गंभीर चुनौती पेश करने में नाकाम रहने के बाद उन्होंने अपने चुनावी अभियान को सस्पेंड कर दिया है। फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डिसेंटिस ने न्यू हैम्पशायर प्राइमरी से ठीक पहले अपने अभियान को सस्पेंड करते हुए डोनाल्ड ट्रम्प का समर्थन कर दिया है।

रॉन डिसेंटिस का चुनावी अभियान से पीछे हटने का फैसला न्यू हैम्पशायर प्राइमरी से दो दिन से भी कम समय पहले आया है, जिसमें उन्हें डोनाल्ड ट्रंप और निक्की हेली से भी पीछे बताया गया। हालांकि, आयोवा कॉकस में रॉन डिसेंटिस ट्रंप के बाद दूसरे नंबर पर थे, लेकिन न्यू हैम्पशायर प्राइमरी से पहले जो ओपिनियन पोल किए गये थे, उनमें रॉन डिसेंटिस को तीसरे नंबर पर बताया गया था।
रेस से बाहर निकले रॉन डिसेंटिस
रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में 45 साल के रॉन डिसेंटिस ने कहा, कि "मेरे लिए यह स्पष्ट है, कि अधिकांश रिपब्लिकन प्राथमिक मतदाता डोनाल्ड ट्रम्प को एक और मौका देना चाहते हैं।"
आपको बता दें, कि इससे पहले रविवार शाम की रैली में डोनाल्ड ट्रंप ने महीनों से चल रही प्रतिद्वंदिता और आलोचनाओं को किनारे रखते हुए फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डिसेंटिस की तारीफ की थी और कहा था, कि वो डेमोक्रेटिक पार्टी के संभावित उम्मीदवार जो बाइडेन को हराने के लिए साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था, कि "मैं सिर्फ रॉन को धन्यवाद देना चाहता हूं और बहुत अच्छा काम करने के लिए उन्हें बधाई देना चाहता हूं। वह बहुत दयालु हैं कि उन्होंने मेरा समर्थन किया। मैं इसकी सराहना करता हूं और मैं रॉन के साथ काम करने के लिए भी उत्सुक हूं।'' ट्रम्प ने डिसेंटिस को "वास्तव में एक शानदार व्यक्ति" बताया।
आपको बता दें, कि रॉन डिसेंटिस के रेस से हटने के बाद अब रिपब्लिकन पार्टी में दो ही मुख्य उम्मीदवार बचे हैं। एक डोनाल्ड ट्रंप और दूसरी निक्की हेली।
जब रॉन डिसेंटिस ने 2024 के राष्ट्रपति पद के चुनाव में प्रवेश किया था, तो प्रारंभिक प्राथमिक सर्वेक्षणों से पता चला था, कि वह ट्रम्प को हराने के लिए मजबूत स्थिति में थे, जो 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में हस्तक्षेप सहित कई अदालती मामलों का सामना कर रहे हैं। लेकिन, धीरे धीरे वो चुनावी अभियान में पिछड़ने लगे और विवेक रामास्वामी के चुनावी कैम्पेन ने उन्हें काफी नुकसान पहुंचाया।
रॉन डिसेंटिस अपने चुनावी अभियान से मतदाताओं से जुड़ने में नाकाम रहे।
अब चुनाव हुआ डोनाल्ड ट्रंप बनाम निक्की हेली
चुनावी सर्वेक्षणों के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रम्प ने न्यू हैम्पशायर में निक्की हेली पर दोहरे अंकों की बढ़त बना ली है, और उनकी अभियान टीम को उम्मीद है, कि लगातार दूसरी जीत से उनका अंतिम नामांकन लगभग तय हो जाएगा।
डोनाल्ड ट्रंप के पास दक्षिण कैरोलिना में भी अच्छी बढ़त है, जहां 24 फरवरी को मतदान होगा। लेकिन, ये निक्की हेली का गृहराज्य है, जहां वह 2011 से 2017 तक गवर्नर थीं और अगर निक्की हेली वहां हारती हैं, तो फिर उसका मतलब उनके चुनावी अभियान का अंत होगा।
वहीं, विवेक रामास्वामी और रॉन डिसेंटिस से समर्थन मिलने के बाद डोनाल्ड ट्रंप का चुनावी अभियान और भी ज्यादा मजबूत हो गया है और माना जा रहा है, कि रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से अब उन्हें ही टिकट मिल सकता है और इसके साथ ही करीब करीब ये तय होने लगा है, कि इस बार का राष्ट्रपति चुनाव डोनाल्ड ट्रंप बनाम जो बाइडेन हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications