भारतीय मूल के ऋषि सुनक बन सकते हैं ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री, बोरिस जॉनसन को पछाड़ा
ब्रिटिश अखबार डेली मेल ने एक ओपिनियन पोल के आधार पर कहा है कि ऋषि सुनक 'टोरी वोटर्स' की पहली पसंद हैं और ब्रिटेन के मौजूदा प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अपनी छवि को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
लंदन, अगस्त 12: भारतीय मूल के नेता और वर्तमान में वित्तमंत्री का कार्यभार संभालने वाल ऋषि सुनक ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री हो सकते हैं। उन्होंने लोकप्रियता में ब्रिटेन के मौजूदा प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को काफी पीछे छोड़ दिया है। ब्रिटिश मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना काल में ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन को लेकर लोगों में नाराजगी है और वित्तमंत्री ऋषि सुनक के काम की ब्रिटेन में काफी प्रशंसा की जा रही है। ब्रिटिश मीडिया ने एक सर्वे के आधार पर दावा किया है कि ऋषि सुनक, बोरिस जॉनसन से ज्यादा लोकप्रिय हो चुके हैं और पीएम पद के लिए जनता की पहली पसंद हैं।

ऋषि सुनक बने पहली पसंद
ब्रिटिश अखबार डेली मेल ने एक ओपिनियन पोल के आधार पर कहा है कि ऋषि सुनक 'टोरी वोटर्स' की पहली पसंद हैं और ब्रिटेन के मौजूदा प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अपनी छवि को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। आपको बता दें कि ब्रिटेन में टोरी वोटर्स उस वर्ग को कहा जाता है, जो एक तरह से ब्रिटेन में अपना वर्चस्व रखता है और चर्च के करीब होता है। ये पारंपरिक रिवाज को मानते आए हैं और सरकार बनाने में इस वर्ग का सबसे अहम योगदान होने के साथ साथ ब्रिटिश सरकार पर टोरी वोटर्स का ही प्रभाव होता है।

ऋषि सुनक को भरपूर समर्थन
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, 50 प्रतिशत से ज्यादा टोरी वोटर्स बोरिस जॉनसन की जगह ऋषि सुनक को प्रधानमंत्री पद के लिए अगली पसंद मानते हैं। पोल में कहा गया है कि टोरी वोटर्स चाहते हैं कि जब बोरिस जॉनसन की सत्ता से विदाई हो तो उनकी जगह पर ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री ऋषि सुनक हों। आपको बता दें कि ये पोल इसी हफ्ते किया गया है।

ऋषि सुनक की स्थिति काफी मजबूत
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक 47 प्रतिशत टोरी वोटर्स चाहते हैं कि अगले एक साल में ही बोरिस जॉनसन को अपना पद छोड़ देना चाहिए और ऋषि सुनक को प्रधानमंत्री का दायित्व संभाल लेना चाहिए। डेली मेल ने कहा है कि ब्रिटिश चांसलर ऋषि सुनक टोरी वोटर्स के बीच अपनी राजनीतिक समझ और अपने व्यक्तित्व को लेकर एकतरफा पसंदीदा उम्मीदवार हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्रिटेन की जनता ऋषि सुनक को एक समझदार, सुलझा हुआ, ताकतवर, काबिल और प्रधानमंत्री पद के लिए विश्वसनीय उम्मीदवार मानती है। डेली मेल के लिए पोलस्टर जेएल पाार्टनर्स ने बोरिस जॉनसन और ऋषि सुनक के बीच में ये ओपिनियन पोल करवाया है।

बोरिस जॉनसन-ऋषि सुनक में अनबन!
ये पोल उस वक्त करवाया गया है, जब ब्रिटिश मीडिया ने ये रिपोर्ट दी है कि पीएम बोरिस जॉनसन और वित्तमंत्री ऋषि सुनक के बीच अनबन चल रही है और ऋषि सुनक से बोरिस जॉनसन नाराज चल रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक बोरिस जॉनसन ने ऋषि सुनक से वित्त मंत्रालय का पद भी छीन लेने की धमकी दी है। लेकिन, डेली मेल ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ऋषि सुनक की राजनीतिक स्थिति इतनी मजबूत है कि ऋषि सुनक को हटाने के चक्कर में बोरिस जॉनसन अपनी कुर्सी गंवा सकते हैं। इस अनबन का खुलासा तब हुआ है जब ऋषि सुनक की पीएम जॉनसन को लिखी एक चिट्ठी मीडिया में लीक हो गई, जिसमें ऋषि सुनक ने पीएम जॉनसन से अपील की थी कि को देश में कोरोना प्रतिबंधों में थोड़ी ढील दें।

सभी पार्टियों की पसंद ऋषि सुनक
डेली मेल ने अपने पोल के आधार पर दावा किया है कि ब्रिटेन की सभी राजनीतिक पार्टियों के वोटर्स का मानना है कि बोरिस जॉनसन पीएम पद का दायित्व सही तरह से नहीं निभा पा रहे हैं और वोटरों के बीच ये धारणा काफी मजबूती के साथ बनने लगी है कि ऋषि सुनक प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी को काफी बेहतर संभाल सकते हैं। ओपिनियन पोल के मुताहिक 10 में 6 वोटर्स (61 प्रतिशत) ऋषि सुनक के पक्ष में हैं। वहीं, 2 कंजरवेटिव वोटरों में से एक वोटर ऋषि सुनक के पक्ष में है। डेली मेल ने कहा है कि ऋषि सुनक ने बोरिस जॉनसन के ऊपर काफी ज्यादा बढ़त बना ली है। खासकर ब्रेक्सिट में ऋषि सुनक की भूमिका देखते हुए वो ब्रिटेन में काफी पसंदीदा हो चुके हैं।

ओपिनियन पोल के नतीजे
डेली मेल के ओपिनियन पोल के मुताबिक 42 प्रतिशत वोटर्स का मानना है कि ऋषि सुनक प्रधानमंत्री पद के सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार हैं, वहीं सिर्फ 24 प्रतिशत लोगों ने ही कहा है कि बोरिस जॉनसन को अपने पद पर बने रहना चाहिए। यह पूछे जाने पर कि क्या बोरिस जॉनसन के पद छोड़ने पर चांसलर ऋषि सुनक को पदभार संभालना चाहिए? तो 56 प्रतिशत कंजर्वेटिव मतदाताओं ने 'हां' में जवाब दिया, जबकि 18 प्रतिशत वोटर्स ने जॉनसन का साथ दिया।

ऋषि सुनक सर्वाधिक पसंदीदा
56 प्रतिशत टोरी वोटर्स, जो ऋषि सुनक को प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते हैं, उनमें से 11 प्रतिशत ऐसे हैं, जो चाहते हैं कि ऋषि सुनक को अभी पीएम पद की जिम्मेदारी संभाल लेना चाहिए, जबकि 36 प्रतिशत वोटर्स का मानना है कि एक साल के अंदर ऋषि सुनक को प्रधानमंत्री बना देना चाहिए। जबकि, सबसे आश्चर्यजनक बात ये है कि पांच में से चार टोरी वोटर्स ने कहा है कि तीन साल के भीतर ऋषि सुनक को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल लेनी चाहिए।

2024 में है ब्रिटेन में चुनाव
ब्रिटिश अखबार डेली मेल ने पोल के आधार पर कहा है कि ओपिनियन पोल से ये संभावना लगती है कि 2024 में ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन शायद हार रहे हैं। वहीं, ओपिनियन पोल में 40 प्रतिशत मतदादाओं ने कहा है कि 2024 चुनाव में ऋषि सुनक भारी मतों से जीत रहे हैं, जबकि 27 प्रतिशत मतदाताओं का मानना है कि बोरिस जॉनसन की वापसी होगी। डेली मेल ने पोल के आधार पर नतीजा निकाला है कि ऋषि सुनक ने बोरिस जॉनसन को धूल चटा दिया है।

गीता पर हाथ रखकर शपथ
आपको बता दें कि ब्रिटेन में काफी मशहूर हो चुके ऋषि सुनक 2017 से ही श्रीमद्भागवत गीता पर हाथ रखकर अपने पथ की शपथ लेते आए हैं और उनकी उम्र अभी सिर्फ 41 साल है। उनका परिवार पहले भारत से ईस्ट अफ्रीका गया था और फिर ईस्ट अफ्रीका से ब्रिटेन आ गया था। उनसा संबंध एक साधारण परिवार से रहा है, लिहाजा ब्रिटेन के आम नागरिकों के बीच वो काफी पसंद किए जाते हैं और उनके काम को लेकर उनकी काफी तारीफ होती है। 2020 में भी जब ब्रिटेन की एक प्राइवेट कंपनी ने सर्वे करवाया था तो ब्रिटेन की करीब 60 प्रतिशत जनता ने ऋषि सुनक को अपना पसंदीदा प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बताया था।












Click it and Unblock the Notifications