कनाडा में निज्जर की हत्या के बाद खालिस्तानियों से मिले थे FBI अधिकारी, खतरे को लेकर किया था अलर्ट: रिपोर्ट
India-Canada row: भारत और कनाडा में बढ़ते राजनयिक गतिरोध के बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर (Hardeep Singh Nijjar) की हत्या के बाद संघीय जांच ब्यूरो (FBI) के कुछ एजेंट ने अमेरिका में खालिस्तानी तत्वों से मुलाकात की थी और उन्हें अलर्ट किया था।
The Intercept की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एफबीआई के एजेंटों ने खालिस्तानियों से मुलाकात के दौरान उन्हें चेतावनी दी थी कि उनकी जान को खतरा हो सकता है। हालांकि एफबीआई ने अभी तक इस रिपोर्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

'FBI के एजेंट मुझसे मिले और कहा कि जान को खतरा है...'
रिपोर्ट में दावा किया गया है किअमेरिकन सिख कॉकस कमेटी के समन्वयक प्रीतपाल सिंह (Pritpal Singh) ने द इंटरसेप्ट को बताया कि निज्जर की हत्या के बाद उन्हें और कैलिफोर्निया में दो अन्य सिख को एफबीआई से फोन आया था और मिलने के लिए बुलाया गया था।
प्रीतपाल सिंह ने कहा, "जून 2023 के आखिर में एफबीआई के दो विशेष एजेंटों ने मुझसे मुलाकात की, जिन्होंने मुझे बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि मेरी जान को खतरा है।" उन्होंने आगे कहा, "उन्होंने हमें स्पष्ट रूप से यह नहीं बताया कि खतरा कहां से आ रहा है, लेकिन उन्होंने कहा कि मुझे सावधान रहना चाहिए।"
दो अन्य सिख अमेरिकियों ने नाम न बताने की शर्त पर पुष्टि की है कि एफबीआई एजेंटों ने उनसे भी मुलाकात की थी।
हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद भारत-कनाडा के रिश्ते बिगड़े
प्रतिबंधित खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून 2023 को कनाडा में एक गुरुद्वारे के बाहर दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के बीच राजनयिक विवाद पैदा हो गया था।
हाल ही में कनाडा के संसद में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि निज्जर की हत्या में भारत की भूमिका हो सकती है। हालांकि भारत ने कनाडा के आरोपों को खारिज कर दिया है। भारत ने कनाडा के आरोपों को "बेतुका" बताया है। वहीं भारत ने भी कनाडा में भारतीय अधिकारी को हटाने के जवाब में एक कनाडाई राजनयिक को निष्कासित कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications