48 राज्य 851 मंदिर.. अमेरिका में 25 मार्च से निकाली जाएगी राम मंदिर रथ यात्रा, जानिए क्या है मकसद?
America Ram Mandir Rath Yatra: भारत में 22 जनवरी को अयोध्या में भले ही भव्य राम मंदिर का उद्घाटन हो चुका है, लेकिन अब अमेरिका में पहली बार राम मंदिर रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जो शिकागो से शुरू होगी।
शिकागो से शुरू होने वाली राम मंदिर रथ यात्रा अमेरिका के 48 राज्यों और 851 हिंदू मंदिरों को कवर करेगी और इस दौरान 8 हजार मील की यात्रा तय की जाएगी। ये रथ यात्रा दो महीने तक चलने वाली है, जिसमें भारी संख्या में लोगो के शामिल होने की उम्मीद है।

गुरुवार को राम मंदिर रथ यात्रा के आयोजकों ने कहा है, कि विश्व हिंदू परिषद ऑफ अमेरिका (वीएचपीए) इस यात्रा का आयोजन कर रहा है, जिसमें टोयोटा सिएना वैन को रथ के डिजाइन में ढाला जाएगा और इसमें भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की मूर्तियां होंगी।
अमेरिका में भव्य राम मंदिर रथ यात्रा
वीएचपीए के महासचिव अमिताभ मित्तल के मुताबिक, रथ में अयोध्या में हाल ही में उद्घाटन किए गए राम मंदिर से विशेष प्रसाद और प्राण प्रतिष्ठा पूजित अक्षत का कलश भी ले जाया जाएगा। मित्तल ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "राष्ट्रव्यापी रथ यात्रा 25 मार्च को अमेरिका के शिकागो से शुरू होगी और 8000 मील से ज्यादा की यात्रा करेगी। यह अमेरिका में 851 मंदिरों और कनाडा में लगभग 150 मंदिरों को कवर करेगी।"
रथ यात्रा के कनाडा खंड का आयोजन कनाडा के विश्व हिंदू परिषद कर रहा है, जो अलग तरह का कार्यक्रम होगा। हिंदू मंदिर सशक्तिकरण परिषद (एचएमईसी) के तेजल शाह ने कहा, कि "इस रथ यात्रा का मकसद हिंदू धर्म के बारे में जागरूकता बढ़ाना, शिक्षित करना और सशक्त बनाना है।"
शाह के मुताबिक, यात्रा सभी हिंदुओं को एकजुट होने और रथ यात्रा में भाग लेने का अवसर प्रदान करेगी, जिससे हिंदू लोकाचार और धर्म का पुनरुत्थान होगा। शाह ने कहा, "हमारे लिए और विशेष रूप से हमारी आने वाली पीढ़ी में जागरूकता बढ़ाने और दुनिया भर में हिंदू धर्म का प्रसार करने के अभियान में एकजुट और मजबूत रहना बहुत महत्वपूर्ण है।"
मित्तल ने कहा, कि योजना बनाने और पहल को व्यवस्थित करने में मदद के लिए कई दर्जनों स्वयंसेवकों ने वीएचपीए के साथ पंजीकरण कराया है। यह अमेरिका में पहली बार है, कि हिंदू समुदाय द्वारा इस तरह की यात्रा का आयोजन किया गया है, जो वैन को अमेरिका के 800 से ज्यादा मंदिरों तक ले जाएगी।
राम मंदिर रथ यात्रा 23 अप्रैल को शुगर ग्रोव, इलिनोइस में हनुमान जयंती समारोह के साथ समाप्त होगी। रथ यात्रा न केवल सभी प्रमुख मंदिरों को कवर करेगी, बल्कि छोटे मंदिरों को भी कवर करेगी। शाह ने कहा, कि "हम संयुक्त राज्य अमेरिका में हर मंदिर का दौरा करने जा रहे हैं।" इस दौरान, जनवरी में अमेरिका में राम मंदिर उद्घाटन समारोह में भाग लेने वाले मंदिरों को भी भागीदारी का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications