UK में 14 सालों के बाद सत्ता परिवर्तन ने जगाई राहुल गांधी की उम्मीदें? नये PM और ऋषि सुनक को लिखी चिट्ठी
Rahul Gandhi Letter to Rishi Sunak Keir Starmer: पिछले दिनों भारत में हुए लोकसभा चुनाव में 99 सीटें लाने वाली और लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से मीलों दूर रहने वाली कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने यूके चुनाव के नतीजों के बाद ऋषि सुनक और नये प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को चिट्ठी लिखी है।
राहुल गांधी की ये चिट्ठी, कांग्रेस नेता के बदले हुए राजनीतिक अंदाज को दिखाता है, जिसका मायने ये निकलता है, कि वो ग्लोबल लीडर्स से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

यूके के नेताओं को राहुल गांधी की चिट्ठी
राहुल गांधी ने यूनाइटेड किंगडम के नये प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को पत्र लिखकर उन्हें चुनावी जीत पर बधाई दी है। शनिवार को कांग्रेस सांसद ने एक अन्य पत्र में ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी के नेता ऋषि सुनक को पार्टी की चुनावी हार पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, कि "जीत और हार लोकतंत्र का अनिवार्य हिस्सा हैं और हमें दोनों को ही सहजता से लेना चाहिए।"
लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर, जिनके नेतृत्व में पार्टी ने प्रचंड बहुमत से चुनाव जीता है, उनको लिखे अपने पत्र में राहुल गांधी ने कहा है, कि "समानता के साथ आर्थिक विकास, मजबूत सामाजिक सेवाओं के माध्यम से सभी के लिए बेहतर अवसर और सामुदायिक सशक्तिकरण पर लेबर पार्टी का जोर ब्रिटेन के लोगों के दिलों को छू गया है।"
कांग्रेस सांसद ने अपने पत्र में कहा, कि "मैं आपकी उल्लेखनीय चुनावी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं, जो लेबर पार्टी और आपके लिए व्यक्तिगत रूप से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आपके अभियान में समानता के साथ आर्थिक विकास, मजबूत सामाजिक सेवाओं के माध्यम से सभी के लिए बेहतर अवसर और सामुदायिक सशक्तिकरण पर जोर दिया गया, जिसने स्पष्ट रूप से यूके के लोगों के दिलों को छू लिया, जो एक उज्जवल भविष्य के लिए उनकी आकांक्षाओं को दर्शाता है।"
राहुल गांधी ने अपनी चिट्ठी में ये भी कहा, कि वह भी अपने अभियान में बताए गए उन्हीं आदर्शों में विश्वास रखते हैं।
पत्र में आगे लिखा गया है, कि "इन आदर्शों के प्रति प्रतिबद्ध व्यक्ति के रूप में, मैं आपको और ब्रिटेन के लोगों को इनका समर्थन करने के लिए बधाई देता हूं। आपकी जीत उस राजनीति की शक्ति का प्रमाण है, जिसमें लोगों को सर्वोपरि रखा जाता है। मैं भारत और ब्रिटेन के बीच द्विपक्षीय संबंधों के निरंतर मजबूत होने की भी आशा करता हूं।"
उन्होंने कहा, "मैं आपको आपके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं और निकट भविष्य में आपसे मिलने की आशा करता हूं।"
राहुल गांधी ने ऋषि सुनक से क्या कहा?
ऋषि सुनक को लिखे अपने पत्र में राहुल गांधी ने पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री की सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण और ब्रिटिश लोगों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
राहुल गांधी के पत्र में लिखा है, "मैं हाल के चुनावी नतीजों पर अपनी संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं। लोकतंत्र में जीत और असफलता दोनों ही यात्रा का एक अनिवार्य हिस्सा हैं और हमें दोनों को ही स्वीकार करना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "सार्वजनिक सेवा के प्रति आपका समर्पण और अपने लोगों के प्रति प्रतिबद्धता सराहनीय है। मैं आपके कार्यकाल के दौरान भारत और ब्रिटेन के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए आपके द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना करता हूं।"
कांग्रेस सांसद ने विश्वास व्यक्त किया, कि ऋषि सुनक अपने अनुभव के साथ सार्वजनिक जीवन में योगदान देना जारी रखेंगे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "मैं आपके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"
आपको बता दें, कि शुक्रवार को, कीर स्टार्मर ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बने हैं और उन्होंने ब्रिटेन के पुनर्निर्माण की कसम खाई है। वहीं, ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी, जो पिछले 14 सालों से सत्ता में थी, वो बुरी तरह से चुनाव हार गई है और 650 सीटों वाली संसद में लेबर पार्टी को 412 सीटें हासिल हुई हैं, जो 2019 के मुकाबले 211 ज्यादा है।












Click it and Unblock the Notifications