सिंगापुर पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप, उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से होगी मुलाकात
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सिंगापुर पहुंच गए हैं। यहां 12 जून को उत्तर कोरिया के तानशाह किम जोंग-उन से उनकी मुलाकात होनी है। इस ऐतिहासिक बैठक की तैयारियों को सिंगापुर अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। कई होटलों की लॉबी को फूलों से सजाया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर चेकप्वाइंट्स को स्थापित करने का काम भी शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक कैपेला होटल में 12 जून को ट्रंप और किम के बीच ऐतिहासिक मुलाकात होनी है। समाचार एजेंसी 'एफे' के मुताबिक, सिंगापुर के सेंटोसा द्वीप पर स्थित इस पांच सितारा होटल में सिर्फ स्टाफ और मेहमान अंदर जा सकते हैं क्योंकि कई कमरों को व्हाइट हाउस द्वारा अगले मंगलवार को होने वाली मुलाकात की घोषणा के पहले ही आरक्षित करा लिया गया।

इन कमरों की कीमत प्रति रात्रि 10,000 डॉलर तक हो सकती है। वहीं किम जोंग डोनाल्ड ट्रंप से अहम बैठक के लिए पहले ही सिंगापर पहुंच गए हैं। किम का विमान रविवार दोपहर सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट पर लैंड हुआ. इसके बाद कड़ी सुरक्षा के साथ किम का काफिला सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट से होटल की तरफ चल पड़ा. यह पहली बार है जब किसी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति और उत्तर कोरियाई नेता की मुलाकात होगी। मुलाकात से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह 'सकारात्मक भावना' के साथ उत्तरी कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग उन के संग आगामी बैठक में भाग लेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर सिंगापुर वार्ता सफल रही तो अमेरिका किम जोंन उन को अमेरिका आने का न्योता देगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि ऐसा भी हो सकता है कि अगली मुलाकात व्हाइट हाउस में हो,हमें उम्मीद है कि यह मुलाकात आखिरी मुलाकात नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इन मुलाकातों का दौर अब आगे तक चलता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications