Ecuador Earthquake: शक्तिशाली भूकंप से कांपा दक्षिण अमेरिका, इक्वॉडोर और पेरू में अब तक 14 की मौत
साउथ अमेरिकी देश इक्वाडोर में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.7 रही। 14 लोगों की मौत हो गई। US जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप का सबसे ज्यादा असर गुयास में हुआ। ये कोस्टल इलाका है।

Image: Oneindia
Ecuador Earthquake News: तुर्की में आए विनाशकारी भूकंप के बाद दुनिया भर में धरती हिलने का सिलसिला जारी है। न्यूजीलैंड के बाद इक्वाडोर में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक इक्वाडोर में 6.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है जिसमें कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है। अब तक की सूचना के मुताबिक इक्वाडोर में भूकंप से 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि पेरू में कम से कम एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है। इस भूकंप के कारण देश के कई शहरों में इमारतों को भी खासा नुकसान पहुंचा है।
पेरू भी भूकंप से प्रभावित
अधिकारियों के मुताबिक इस भूकंप का केंद्र देश के दूसरे सबसे बड़े शहर गुआकिल से करीब 80 किलोमीटर दूर बालाओ में था। हालांकि इक्वाडोर में एल ओरू प्रांत इस भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। अब तक यहां 11 लोगों के मरने की खबर आई है। इसके अलावा पहाड़ी आजुए प्रांत में भी 2 व्यक्ति की भूकंप की वजह से मौत हुई है। इक्वाडोर के अधिकारियों ने भी बताया कि कम से कम 126 लोग घायल हुए हैं। इक्वाडोर से सटे पेरू में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। पेरू के प्रधानमंत्री अल्बर्टो ओटारोला ने कहा कि इक्वाडोर की सीमा पर, टुंबेस क्षेत्र में घर के ढहने से चार साल की बच्ची की मौत हो गई।
राहत अभियान जारी
इक्वाडोर के राष्ट्रपति गुलेरमो लासो ने कहा कि भूकंप ने "बिना किसी संदेह के... बड़ी आबादी के बीच खतरे की घंटी बजा दी है।" राष्ट्रपति ने कहा कि राहतकर्मी बचाव अभियान में जुटे हैं और जल्द से जल्द मलबे में फंसे लोगों को निकाल लिया जाएगा। राष्ट्रपति के कार्यालय ने जानकारी दी है कि कुछ घायलों का इलाज अस्पलातों में चल रहा है। हालांकि राष्ट्रपति कार्यालय ने न तो घायलों से जुड़ा कोई आंकड़ा साझा किया और न ही उनके बारे में कोई और जानकारी दी है। अधिकारियों ने कहा कि भूकंप से सुनामी उत्पन्न होने की संभावना नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications