भारत ही नहीं, पोलैंड की संसद में भी की गई बदमाशी, चारों ओर भर गया धुआं, मुंह पर कपड़ा बांधकर भागे सांसद
भारत की संसद में लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन के भीतर कूद गए। इस दौरान उन्होंने स्मोक स्टिक से धुआं फैला दिया। देश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली बिल्डिंग में अचानक हुई इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया।
ठीक ऐसा ही एक मामला पोलैंड की संसद में भी सामने आया है, जहां पर एक सांसद की हरकत से संसद में चारों ओर धुआं फैल गया। दरअसल पोलिश संसद में एक धुर दक्षिणपंथी सांसद ने मंगलवार को मेनोराह पर मोमबत्तियां बुझा दीं जो हनुक्का के यहूदी उत्सव के लिए जलाई गई थीं।

पोलिश मीडिया आउटलेट के मुताबिक कन्फेडरेशन पार्टी के सदस्य ग्रेजगोरज ब्रौन ने इन सभी मोमबत्तियों को बुझा दिया, जिससे संसद में धुआं भर गया। अचानक संसद में धुआं भरने से अफरा तफरी मच गई। सांस लेने में परेशानी होने के बाद कई सांसदों को मुंह पर कपड़ा बांध भागते देखा गया।
इस घटना का वीडियो एक्स पर वायरल है। इसमें ब्रॉन को फायर एक्सटिंग्विशर के साथ सांसद की लॉबी में देखा जा सकता है। वह मोमबत्तियों को बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर की नॉब खोल देते हैं, जिसके बाद संसद में धुंआ भर जाता है। इसके बाद वहां तैनात सुरक्षाकर्मी उन्हें तुरंत पकड़ लेते हैं।
सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने संसद में ग्रेजगोरज ब्रौन द्वारा की गई इस घटना की निंदा की, और कहा कि संसद में यहूदी विरोधी और ज़ेनोफोबिक व्यवहार के लिए कोई सहिष्णुता नहीं बरती जाएगी।
पोलिस सांसद की इस हरकत की वजह से पौलेंड के राजनेता डोनाल्ड टस्क के विश्वास मत हासिल करने में देरी हुई, जिन्हें सोमवार को ही पीएम के तौर पर नामित किया गया था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस हरकत के लिए ब्रौन को संसद की कार्रवाई में भाग लेने से एक दिन के लिए रोक दिया गया और उनके तीन महीने वेतन का आधा हिस्सा काट लिया गया है। संसद के स्पीकर सिजमन होलौनिया ने भी ब्रॉन के इस कारनामे को निंदनीय बताया है। स्पीकर ने कहा कि पोलैंड सभी धर्मों का घर है।
ग्रेजगोरज ब्रौन पोलैंड के सबसे विवादास्पद नेता माने जाते हैं। अतीत में वे ये आरोप लगा चुके हैं कि पोलैंड को यहूदी देश में बदलने की कोशिशें की जा रही है। इसके साथ ही ब्रौन देश में समलैंगिकता पर भी प्रतिबंध लगाने की मांग करते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications