मटन के नाम पर बिक रहा था बिल्ली का मांस, पुलिस ने 1000 बिल्लियों को तस्करों की कैद से छुड़ाया
चीन में 1000 बिल्लियों को रेस्क्यू किया गया है। इन बिल्लियों को मारकर उनका मांस बेचा जा रहा था। चीन की स्टेट मीडिया ने बताया कि इन बिल्लियों को मटन और पोर्क बताकर उनका मांस बेचा जा रहा था। खबर सामने आने के बाद फूड सेफ्टी पर सवाल उठने लगे हैं।
12 अक्टूबर को कुछ एनिमल वेलफेयर एक्टिविस्ट्स ने जैंगजियागैंग पुलिस को गुप्त सूचना दी थी कि सैकड़ों बिल्लियों को ट्रकों में भरकर बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। इस पर एक्शन लेते हुए पुलिस ने ट्रकों को जब्त कर लिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक एनिमल एक्टिविस्ट्स ने करीब 6 दिनों तक उन ट्रकों का पीछा किया था, जिनमें जिनमें बिल्लियों को बंद रखा जाता था। उन्हें कब्रिस्तान के पास कई बंद लकड़ी के डिब्बे मिले थे, जिसके अंदर बिल्लियां बंद थीं।
एक्टिविस्ट्स के मुताबिक, बिल्लियों को बूचड़खाने में मारकर, उनका मांस देश के दक्षिणी भाग में सप्लाई किया जाता है, जहां उन्हें पोर्क या मटन बताकर बेचा दिया जाता है। एक एक्टिविस्ट ने बताया कि इस व्यापार के जरिए 1 पाउंड कैट मीट, यानी करीब 450 ग्राम मांस को 300 रुपये तक में बेचा जा रहा था। प्रोसेस के बाद एक बिल्ली का मांस करीब 4 से 5 पाउंड तक होता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने बिल्लियों को एक शेल्टर होम में भेज दिया है। हालांकि पुलिस ने ये नहीं बताया कि रेस्क्यू की गई बिल्लियां पालतू थीं या नहीं। अभी ये भी नहीं पता चला है कि इस मामले में कोई गिरफ्तारी हुई है या नहीं।
इस मामले का खुलासा होने के बाद चीनी सोशल मीडिया पर भी लोगों के टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है। सोशल मीडिया पर लोग खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। लोग खाद्य कानूनों और कड़ा करने की मांग कर रहे हैं।
आपको बता दें कि चीन में पालतू या जंगली जानवरों को मारकर खाने का यह पहला मामला नहीं है। एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन में हर साल एक करोड़ कुत्तों और चालीस लाख बिल्लियों का कत्ल कर दिया जाता है।
आपको बता दें कि चीन में कुत्ते-बिल्ली का मांस खाने की परंपरा हजारों साल पुरानी है। दक्षिणी चीन के यूलिन शहर में हर साल जून के महीने में मीट महोत्सव भी मनाया जाता है, जिसमें जिंदा कुत्ते और बिल्लियों को पकाकर खाया जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस महोत्सव में करीब 10 से 15 हजार कुत्तों को मार कर खा लिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications