'एक भाई का अपने भाई से मिलन', अबू धाबी में UAE के राष्ट्रपति से बोले PM मोदी
PM Modi Abu Dhabi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान से मिले। यहां भारत के पीएम मोदी का भव्य स्वागत हुआ।
PM Modi Abu Dhabi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान से मुलाकात की। प्रधान मंत्री ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति से कहा कि मैं अबू धाबी में आकर और आपसे मिलकर खुश हूं। गर्मजोशी से किए गए स्वागत के लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूं। हर भारतीय आपको एक सच्चे दोस्त के रूप में देखता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत -यूएई द्विपक्षीय व्यापार में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, दोनों देशों ने 85 अरब डॉलर का व्यापार हासिल किया है। जल्द ही 100 अरब डॉलर का लक्ष्य हासिल कर लेंगे। इससे पहले, राष्ट्रपति भवन कसर-अल-वतन पहुंचने पर मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। पीएम ने स्वागत के लिए यूएई के राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया। कहा कि आपने मुझे जो सम्मान दिया, एक भाई का अपने भाई से मिलना, इससे आत्मीयता का कोई सबूत नहीं है।

कई एमओयू का आदान-प्रदान हुआ
मोदी ने कहा कि हमने (भारत-यूएई) तीन महीने के भीतर ऐतिहासिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जो आपके सहयोग और प्रतिबद्धता के बिना संभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि वह यूएई में सीओपी-28 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। पीएम मोदी और अल नाहयान की मौजूदगी में भारत और यूएई के अधिकारियों ने कई एमओयू का आदान-प्रदान किया।
पीएम ने कहा कि हम अपनी साझेदारी को मजबूत करने के लिए नई पहल कर रहे हैं। दोनों देशों की मुद्राओं में व्यापार समझौते पर आज का समझौता हमारे मजबूत आर्थिक सहयोग और विश्वास को दर्शाता है। यूएई के राष्ट्रपति से मुलाकात से पहले पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन के मनोनीत अध्यक्ष सुल्तान अल जाबेर से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, जाबेर ने पीएम को आगामी सीओपी-28 के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने मध्य पूर्व देश की COP-28 की अध्यक्षता के लिए भारत के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications