'बहुत सारे अच्छे काम मेरे नसीब में ही हैं', पोलैंड में भारतीय समुदाय के बीच बोले पीएम मोदी
PM Narendra Modi In Poland: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय यात्रा के लिए पोलैंड में हैं। प्रधानमंत्री मोदी की पोलैंड यात्रा पिछले 45 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ओर से गई पहली यात्रा है। ऐसे में अपने पोलैंड प्रवास के दौरान पीएम मोदी ने वारसॉ में भारतीय सामुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज का भारत सबसे जुड़ना चाहता है, आज का भारत सबके विकास की बात करता है। आज का भारत सबके साथ है, सबके हित की सोचता है। हमें गर्व है कि आज दुनिया भारत को विश्व बंधु के रूप में सम्मान दे रही है। जिनको कहीं जगह नहीं मिली उनको भारत ने अपने दिल और अपनी ज़मीन दोनों जगह स्थान दिया है।

'बहुत सारे अच्छे काम मेरे नसीब में ही हैं'
भारतीय सामुदाय को संबोधित करते हुए कहा पीएम मोदी ने कहा कि 45 साल बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री पोलैंड आया है। बहुत सारे अच्छे काम मेरे नसीब में ही हैं। ऐसे कई देश हैं जहां दशकों तक भारत का कोई प्रधानमंत्री पहुंचा नहीं है। लेकिन अब परिस्थितियां दूसरी हैं। दशकों तक भारत की नीति थी कि सारे देशों से समान दूरी बनाए रखो। आज के भारत की नीति है सारे देशों से समान रूप से नजदीकी बनाओ।
पोलैंड मदद के लिए आने वाला पहला देश
गुजरात में आए भीषण भूकंप की विभिषिका को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, "2 दशक पहले जब गुजरात में भीषण भूकंप आया था तब जामनगर भी उसकी चपेट में आ गया था। तब पोलैंड मदद के लिए पहुंचने वाले सबसे पहले देशों में से एक था। भारत जामसा मेमोरियल यूथ एक्शन प्रोग्राम शुरू करने जा रहा है।"
भारत और पोलैंड के समाज में अनेक समानताएं-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "भारत और पोलैंड के समाज में अनेक समानताएं हैं। एक बड़ी समानता लोकतंत्र की भी है। भारत के लोगों का लोकतंत्र पर अटूट भरोसा है। ये भरोसा हमने हाल के चुनावों में भी देखा है। हम भारतीय विविधता को जीना भी जानते हैं और उत्सव मनाना भी जानते हैं। इसलिए हर सोसाइटी में हम आसानी से घुल मिल जाते हैं।"
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि, "पिछले दस साल में हमने भारत में 300 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज बनाए। पिछले दस साल में भारत में मेडिकल सीटें दो गुणा हो चुकी हैं। इन दस सालों में हमने मेडिकल सिस्टम में 75,000 नई सीटें जोड़ी हैं। आने वाले 5 साल में हम मेडिकल सिस्टम में 75,000 नई सीटें और जोड़ने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। वो दिन दूर नहीं है जब हम दुनिया को कहेंगे कि 'हील इन इंडिया'।"
भारत ने कहा 'मानवता सबसे पहले'
विश्व के देशों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "दुनिया के किसी भी देश में संकट आए, भारत पहला देश होता है जो मदद के लिए हाथ बढ़ाता है। जब कोविड आया, तो भारत ने कहा 'मानवता सबसे पहले' भारत बुद्ध की विरासत वाली धरती है जो युद्ध नहीं शांति की बात करती है। ये युद्ध का युग नहीं है। ये उन चुनौतियों से निपटने के लिए एकजुट होने का समय है जिनसे मानवता को सबसे बड़े खतरे हैं। इसलिए भारत कूटनीति और संवाद पर बल दे रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications