जिनेवा में पीएम मोदी का संबोधन: 'वन वर्ल्ड फॉर हेल्थ' थीम पर दुनिया के सामने रखा भारत का स्वास्थ्य दृष्टिकोण
PM Modi in Geneva: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जिनेवा में आयोजित वर्ल्ड हेल्थ असेंबली (WHA) के 78वें सत्र को संबोधित किया। इस सत्र की थीम थी 'वन वर्ल्ड फॉर हेल्थ', जो वैश्विक स्वास्थ्य को लेकर भारत की समावेशी और सहयोगात्मक सोच के अनुरूप है। प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि उन्होंने 2023 में भी इस मंच से 'वन अर्थ, वन हेल्थ' की अवधारणा रखी थी, जिसे अब वैश्विक स्तर पर व्यापक समर्थन मिल रहा है।
आयुष्मान भारत: दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना
पीएम मोदी ने कहा कि एक स्वस्थ विश्व का भविष्य समावेशिता, समन्वित दृष्टिकोण और सहयोग पर टिका है। उन्होंने बताया कि भारत की नीतियों में यही मूल्य मूलभूत हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का ज़िक्र करते हुए बताया कि यह दुनिया की सबसे बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य बीमा योजना है, जिसमें 580 मिलियन (58 करोड़) लोग शामिल हैं। अब इसमें 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी नागरिकों को भी शामिल किया गया है, जो बुजुर्गों की स्वास्थ्य सुरक्षा को और मजबूत करता है।

जांच केंद्रों और सस्ती दवाओं का विस्तार
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में हज़ारों स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र काम कर रहे हैं, जो कैंसर, ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी बीमारियों की जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही हज़ारों जनऔषधि केंद्रों के माध्यम से बाजार मूल्य से काफी कम दरों पर उच्च गुणवत्ता वाली दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डिजिटल स्वास्थ्य में भारत की उपलब्धि
पीएम मोदी ने बताया कि तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में एक अहम भूमिका निभा रही है। भारत में गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण को ट्रैक करने के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है। आज लाखों भारतीयों के पास डिजिटल हेल्थ आईडी है, जो बीमा, उपचार, रिकॉर्ड और सूचनाओं को एकीकृत करने में मदद कर रही है। इसके अलावा भारत की मुफ़्त टेलीमेडिसिन सेवा के माध्यम से अब तक 340 मिलियन (34 करोड़) से अधिक परामर्श हो चुके हैं।
वैश्विक दक्षिण के लिए भारत का मॉडल
प्रधानमंत्री ने ज़ोर देते हुए कहा कि विश्व का स्वास्थ्य इस पर निर्भर करता है कि हम सबसे कमजोर वर्गों की कितनी अच्छी देखभाल करते हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक दक्षिण स्वास्थ्य से जुड़ी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, और भारत एक अनुकरणीय, मापनीय और टिकाऊ मॉडल पेश करता है। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी सीख और सर्वश्रेष्ठ प्रथाएं दुनिया, विशेष रूप से वैश्विक दक्षिण के साथ साझा करने में खुशी होगी।
योग दिवस की थीम और WHO को बधाई
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि इस साल 21 जून को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा, जिसकी थीम होगी: 'Yoga for One Earth, One Health' उन्होंने सभी देशों को योग दिवस में भाग लेने का निमंत्रण दिया। साथ ही उन्होंने WHO और उसके सदस्य देशों को INB संधि की सफल वार्ता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह संधि एक स्वस्थ ग्रह के निर्माण और भविष्य की महामारियों से मिलकर लड़ने के लिए वैश्विक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।












Click it and Unblock the Notifications