Plane Crash: फिलाडेल्फिया में शॉपिंग मॉल के पास प्लेन क्रैश, कई लोगों के हताहत होने की आशंका
Plane Crash: फिलाडेल्फिया में 31 जनवरी 2025 देर रात एक बड़ा हादसा हुआ, जब एक छोटा विमान शॉपिंग मॉल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि विमान में आग लग गई। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है, लेकिन हताहतों की संख्या को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह विमान कम से कम दो लोगों को लेकर उड़ान भर रहा था। हादसे के वक्त यह एक शॉपिंग मॉल के पास था, जिससे जमीन पर भी कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।

फिलाडेल्फिया आपातकालीन प्रबंधन कार्यालय ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि यह एक "बड़ी घटना" है, हालांकि ज्यादा जानकारी नहीं दी गई। ट्वीट में बताया गया कि "रूजवेल्ट मॉल के सामने उत्तर-पूर्व फिलाडेल्फिया में कॉटमैन और बुस्टेलटन एवेन्यू के पास यह घटना हुई। इलाके में सड़कों को बंद कर दिया गया है और लोगों को वहां जाने से बचने की सलाह दी गई है।"
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में देखा जा सकता है कि विमान रिहायशी इलाकों के पास गिरा, जिससे आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जोरदार धमाके के साथ दुर्घटना हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एक स्थानीय निवासी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया, "एक बहुत बड़ा धमाका हुआ, जिससे मेरा घर तक हिल गया। मुझे लगा कि हम पर कोई हमला हुआ है!"
उड़ान डेटा से क्या पता चला?
उड़ान संबंधी जानकारी के अनुसार, यह छोटा जेट विमान शाम 6:06 बजे (स्थानीय समय) उड़ान भरी थी और 1,600 फीट की ऊंचाई तक पहुंचने के सिर्फ 30 सेकंड बाद रडार से गायब हो गया। दुर्घटनास्थल, उत्तर-पूर्व फिलाडेल्फिया हवाई अड्डे से मात्र 4.8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह हवाई अड्डा मुख्य रूप से व्यावसायिक जेट और चार्टर उड़ानों के लिए इस्तेमाल होता है।
इससे पहले भी हुआ था बड़ा विमान हादसा
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिन पहले वाशिंगटन डीसी के पास रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक एक यात्री विमान और सेना के हेलीकॉप्टर की टक्कर हुई थी। उस दुर्घटना में यात्री विमान में सवार सभी 64 लोग और हेलीकॉप्टर में सवार 3 लोग मारे गए थे।
यह हादसा अमेरिका में पिछले 20 सालों का सबसे भयानक विमान हादसा था। विशेषज्ञों के मुताबिक, इतनी उन्नत तकनीक और टक्कर-रोधी सिस्टम होने के बावजूद इतनी बड़ी दुर्घटना कैसे हुई, यह जांच का विषय बना हुआ है।
अभी क्या स्थिति है?
फिलहाल, राहत और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे से जुड़े अधिक अपडेट जल्द ही सामने आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications