Video-भूख लगी तो हेलीकॉप्टर को बर्गर की दुकान के सामने करा दिया लैंड
पायलट को लगी भूख तो उसने हेलीकॉप्टर को बर्गर की दुकान के सामने ही कर दिया लैंड, वीडियो हुआ वायरल
सिडनी। हमारे यहां एक कहावत है पहले पेट पूजा फिर कोई काम दूजा, लेकिन इस कहावत को ऑस्ट्रेलिया में एक पायलट ने कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में जब एक पायलट को भूख लगी तो उसने हेलीकॉप्टर को मैकडोनाल्ड के ठीक सामने लैंड करा दिया, जिसे देखकर कोई यकीन नहीं कर पा रहा था कि कैसे कोई हेलीकॉप्टर को यहां लैंड कर सकता है।

यहां गौर करने वाली बात यह है कि इस व्यक्ति ने ना सिर्फ हेलीकॉप्टर को ठीक मैकडोनाल्ड के सामने लैंड कराया बल्कि खुद उतरकर दुकान के भीतर जाता है और बर्गर लेने के बाद वह एक तस्वीर भी दुकान की हेलीकॉप्टर के साथ क्लिक करता है। जिसके बाद वह हेलीकॉप्टर में बैठकर वापस टेक ऑफ कर जाता है। यह पूरा वाकया देखकर स्थानीय लोग अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पा रहे थे, एक व्यक्ति ने इस पूरे वाकये का वीडियो भी बनाया है।
दिलचस्प बात यह है कि जब पायलट बर्गर लेने जाता है तो वह हेलीकॉप्टर को बंद नहीं करता है और इसके ब्लेड चलते रहते हैं, वह दुकान से अपने बर्गर का पैकेट लेकर आता है और टेकऑफ कर जाता है। ऑस्ट्रेलिया मीडिया के अनुसार हेलीकॉप्टर को लैंड कराना गैरकानूनी नहीं है, लेकिन इस पूरे वाकये पर सिविल एविएशन सेफ्टी अथॉरिटी जांच कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार अगर जगह के मालिक ने लैंड करने की इजाजत दी है तो यह गैरकानूनी नहीं है, वह अपने हेलीकॉप्टर को लैंड करा सकता है, हालांकि उसे सुरक्षा का खयाल रखना होगा।
इस मामले में एक व्यक्ति ने दावा किया है कि जो आदमी हेलीकॉप्टर चला रहा था उसने सिडनी के स्थानीय रेडियो से बात की और बताया कि उसने दुकान के मालिक से हेलीकॉप्टर को लैंड करने की इजाजत मांगी थी। यही नहीं पायलट का कहना है कि वह अक्सर ऐसा करता है।












Click it and Unblock the Notifications