चकनाचूर हो गया पाकिस्तान के सिर का ताज, पाकिस्तानी एयरलाइंस के पास ईंधन खत्म, सैकड़ों फ्लाइट्स रद्द
Pakistan International Airlines: नकदी संकट से जूझ रही पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) कथित तौर पर बंद होने की कगार पर पहुंच गई है, क्योंकि पाकिस्तानी एयरलाइंस के पास उड़ानों के संचालन के लिए पैसे नहीं बचे हैं। पाकिस्तानी एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा है, कि पिछले 11 दिनों में ई्ंधन नहीं होने की वजह से 500 से ज्यादा उड़ानों को रद्द किया गया है।
पाकिस्तान के एआरवाई न्यूज के मुताबिक, पाकिस्तानी एयरलाइन इतिहास में अपने सबसे खराब संकट का सामना कर रही है और पाकिस्तान स्टेट ऑयल (पीएसओ) ने बकाया भुगतान न करने पर, पाकिस्तानी एयरलाइंस की ईंधन आपूर्ति बंद कर दी है, जिससे उसे 13 अक्टूबर से कम से कम 537 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं हैं।

पाकिस्तानी एयरलाइंस ग्राउंडेड
पाकिस्तानी एयरलाइंस के सूत्रों ने बताया है, कि ईंधन नहीं होने की वजह से गुरुवार को कराची, लाहौर, इस्लामाबाद, क्वेटा, मुल्तान, पेशावर और अन्य शहरों से कम से कम 49 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। पीआईए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अमीर हयात ने निजीकरण से पहले कर्मचारियों को एक 'प्रेरणा पत्र' लिखा है।
आपको बता दें, कि पाकिस्तान भीषण आर्थिक संकट में फंसा हुआ है और पाकिस्तान एयरलाइंस ने विदेशी एयरपोर्ट्स को भी अपना बकाया नहीं चुकाया है, जिसकी वजह से कई बार विदेशी एयरपोर्ट्स पर पाकिस्तानी उड़ानों को रोक दिया जाता है।
जिसकी वजह से पाकिस्तानी एयरलाइंस की ज्यादातर फ्लाइट्स अब ग्राउंडेड हो गईं हैं और अलग अलग एयरपोर्ट्स के पार्किंग स्थलों पर खड़ी हैं। सूत्रों ने बताया है, कि पैसों की कमी के कारण कम से कम चार बोइंग 777 योजनाओं को रोक दिया गया है।
मिल सकता है नया ऋण
पाकिस्तानी मीडिया ने कहा है, कि पाकिस्तानी एयरलाइंस के लिए पाकिस्तान की कार्यवाहक सरकार वाणिज्यिक बैंकों से 20 अरब रुपये का नया ऋण जारी सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, वित्त मंत्रालय ने वाणिज्यिक बैंकों को पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस को नए ऋण जारी करने का 'निर्देश' दिया है, जबकि वर्तमान सरकार के ऋण को भी छह महीने के लिए 'पुनर्निर्धारित' किया जाना है, जिससे संभावित रूप से संकटग्रस्त एयरलाइन को थोड़ी राहत मिलेगी।
हालांकि, सरकार के कहने पर भी संभावना कम है, कि कॉमर्शियल बैंकों से पाकिस्तानी एयरलाइंस को पैसे मिल पाएगा। क्योंकि, पीआईए पहले ही वाणिज्यिक बैंकों से 260 अरब रुपये का कर्ज ले चुकी है, जिसे उसने नहीं चुकाया है, ऐसे में नया कर्ज मिलने की संभावना काफी कम है।
जुलाई में टैक्स का भुगतान नहीं करने की वजह से फेडरल ब्यूरो ऑफ रेवेन्यू (एफबीआर) ने पाकिस्तानी एयरलाइंस के सभी बैंक खातों को फ्रीज कर दिया था, जिसके बाद वह पीएसओ को दिए गए अपने बकाया का भुगतान करने में असमर्थ था, जिसके बाद पाकिस्तानी एयरलाइंस के लिए उड़ान भरना अत्यंत मुश्किल हो गया।
पीआईए ने सितंबर महीने में 22.9 अरब रुपये की आपातकालीन राहत की मांग की थी, जिसे पाकिस्तान की आर्थिक समन्वय समिति (ईसीसी) ने खारिज कर दिया था। ईसीसी ने प्रति महीने 1.3 बिलियन रुपये के भुगतान को स्थगित करने के अनुरोध को भी अस्वीकार कर दिया, जो पीआईए संघीय उत्पाद शुल्क (एफईडी) के खिलाफ एफबीआर को भुगतान करता है, और नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएए) को एम्बार्किंग शुल्क के लिए प्रति माह 0.7 अरब रुपये का भुगतान करता है।
पीआईए की समस्या तब और बढ़ गई, जब कनाडा में ग्राउंड हैंडलिंग और ईंधन कंपनी की शिकायतों पर उसकी उड़ान काफी देर के लिए रोक दी गई और अंत में 200,000 डॉलर का बकाया चुकाने के बाद विमान को छोड़ा गया।












Click it and Unblock the Notifications