अमेरिकी महिला ने टिकटॉक पर बताई जिंदगी की कहानी, पूर्व पाकिस्तानी पति ने घर आकर कर दी हत्या
शिकागो पुलिस ने कहा कि इस वारदात को पिछले सोमवार को अंजाम दिया गया है।
वॉशिंगटन, जुलाई 24: पाकिस्तान के रहने वाले एक शख्स ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है और डायवोर्स की कहानी सोशल मीडिया पर बताने की वजह से अपनी पूर्व पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है। पाकिस्तानी अखबार ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक महिला का नाम सानिया खान था, जो 29 साल की थी और उसके पूर्व पति ने अमेरिका के शिकागो शहर में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।

गोली मारकर पत्नी की हत्या
शिकागो पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, सानिया खान पाकिस्तान मूल की अमेरिकि महिला थी और वो शिकागो में रह रही थी, जहां उसे पू्र्व पति 36 साल के राहील अहमद ने गोली मारकर हत्या कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व पत्नी की हत्या करने के लिए राहील अहमद अल्फारेट से शिकागो पहुंचा था। पाकिस्तान के अखबार डॉन ने बताया कि, सानिया खान के पिता हैदर फारूक खान ने गुरुवार को अपनी बेटी के फेसबुक पेज के जरिए उसकी मौत की बात पोस्ट की है। पोस्ट में लिखा गया है, कि "मेरी सबसे बड़ी बेटी सानिया खान का निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को असर की नमाज के बाद चट्टानूगा इस्लामिक सेंटर में होगा। कृपया हमें अपनी दुआ में रखें।"

सोशल मीडिया पर तलाक की कहानी
एबीसी न्यूज के अनुसार, शिकागो पुलिस ने कहा कि इस वारदात को पिछले सोमवार को अंजाम दिया गया है, जब शिकागो के ओहिओ स्ट्रीट के 200 ब्लॉक घर के अंदर एक वक्ति ने एक महिला के सिर पर बंदूक रखकर गोली मार दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने कहा कि, महिला की मौत मौके पर ही हो गई थी। वहीं, पूर्व पत्नी को गोली मारने के बाद आरोपी पूर्व पति राहील अहमद ने भी खुद को गोली मार ली थी, जिसमें वो बुरी तरह से घायल हो गया था और उसे नॉर्थवेस्टर्न अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से एक हथियार बरामद किया है। एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला सानिया ने अपनी तलाक की कहानी टिकटॉक पर बताई थी, जिसमें उसने कहा था कि, उसकी शादी एक साल से भी कम वक्त के लिए चल पाई और उसने अपने पति से तलाक ले लिया।

महिला ने वीडियो में क्या कहा था?
सानिया खान ने टिकटॉक पर अपने तलाक को लेकर जो वीडियो पोस्ट किया था, उसमें उसने लिखा था कि, "एक दक्षिण एशियाई महिला के रूप में तलाक से गुजरने पर ऐसा लगता है कि, आप जीवन में असफल हो गए हैं।" आगे उसने कहा कि, "जिस तरह से समुदाय आपको लेबल करता है, आपके पास भावनात्मक समर्थन नहीं रहता है, और आपको कहा जाता है, कि अकेले रह रही हो,लोग क्या कहेंगे, कि वो अलग-थलग है। इससे महिलाओं के लिए शादी के रिश्ते से बाहर निकलना काफी मुश्किल हो जाता है, जिसमें उसे नहीं होना चाहिए'। आपको बता दें कि, पाकिस्तानी अखबार ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, ह्यूमन राइट्स वॉच (HRW) ने अपनी वार्षिक विश्व रिपोर्ट 2022 में कहा है कि, पाकिस्तान में महिलाओं बच्चों के साथ काफी ज्यादा अत्याचार किया जाता है और पाकिस्तान 170 देशों की रैकिंग में 167 वें स्थान पर है।

महिलाओं को दबाकर रखने वाला समाज
ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी समाज में सभी स्तरों पर पुरुष वर्चस्व कायम है, फिर भी पुरूषों को लगता है कि, महिलाएं उनके सम्मान के साथ समझौता कर रही हैं और महिलाओं के हर एक कदम से उन्हें लगता है, कि उनकी मर्दानगी को किसी ने चुनौती दी है और वो बेहद छोटी-छोटी बातों पर अपनी पत्नियों की पिटाई कर देते हैं। अखबार के मुताबिक, पाकिस्तानी पुरूषों का घमंड बहुत नाजुक होता है और उनके घमंड को झटका ना लगे, इसके लिए महिलाओं से अत्यधिक विनम्र रहने की उम्मीद की जाती है। अखबार के मुताबिक, रिपोर्ट में कहा गया है कि, पाकिस्तानी समाज में लड़कियों और महिलाओं से बलात्कार, हत्या, एसिड हमले, घरेलू हिंसा और जबरन शादी और लड़कियों के खिलाफ हिंसा काफी आम बात है। 2017-18 के लिए पाकिस्तान जनसांख्यिकी और स्वास्थ्य सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार, 15 से 49 वर्ष की आयु की 28 प्रतिशत महिलाओं को उनके पति प्रताड़ित करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications