16 सालों का इंतजार होगा खत्म, पाकिस्तान की नामिरा सलीम की अंतरिक्ष यात्रा अगले महीने होगी शुरू, रचेंगी इतिहास
अंतरिक्ष की दुनिया में एक नया अध्याय लिखा जाने वाला है। एक ऐतिहासिक घटनाक्रम में पाकिस्तान की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री नामिरा सलीम अंतरिक्ष की यात्रा पर निकलने के लिए तैयार है।
खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 1981 से दुबई में रह रही नामिरा 5 अक्टूबर को अपना खगोलीय अभियान शुरू करेगी। ब्रिटिश अरबपति सर रिचर्ड ब्रैनसन अपने वर्जिन गैलेक्टिक यात्री रॉकेट विमान पर सवार होकर अमेरिका के न्यू मैक्सिको रेगिस्तान से 80 किमी से अधिक ऊपर उड़ान भरेंगे।

नामिरा, रिचर्ड ब्रैंसन की कंपनी वर्जिन गैलेक्टिक की कमर्शियल स्पेस लाइनर के साथ लंबे वक्त से जुड़ी हुई हैं। नामिरा को कंपनी के साथ अंतरिक्ष में जाने के लिए टिकट खरीदने वाले पहले लोगों में से एक होने का गौरव हासिल है और वह पृथ्वी के बाहरी अंतरिक्ष तक पहुंचने के अपने मौके का 16 साल से इंतजार कर रही है।
नामिरा ने कथित तौर पर वर्जिन गैलेक्टिक की अंतरिक्ष पर्यटक उड़ानों में सवार पहले यात्रियों में से एक बनने के लिए लगभग 730,000 दिरहम का भुगतान किया था। और अब उसका 16 साल का इंतजार आखिरकार खत्म हो सकता है।
दरअसल वर्जिन गैलेक्टिक ने अंतरिक्ष में पहला मानवयुक्त कमर्शियल यान भेजने का प्रोजेक्ट तैयार किया तो 2005 में 44 हजार लोगों के बीच में से जो 100 लोग अंतरिक्ष पर्यटक के तौर पर चुने गए, उनमें नामिरा भी शामिल थीं।
नामिरा ने यूएस के NASTAR से सबऑर्बिटल स्पेसफ्लाइट की ट्रेनिंग ली और क्वालिफाई किया जिसके बाद पाकिस्तान ने 2006 में आधिकारिक तौर पर नामिरा को देश की पहली अंतरिक्ष यात्री के रूप में मान्यता दी थी। उन्होंने 2007 में पाकिस्तान के लिए पर्यटन के मानद राजदूत के रूप में भी काम किया।
नामिरा अप्रैल 2007 में उत्तरी ध्रुव और जनवरी 2008 में दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाली पहली पाकिस्तानी भी बनीं। इतना ही नहीं, नामिरा को 2008 में माउंट एवरेस्ट पर स्काइडाइविंग करने वाली पहली एशियाई और पहली पाकिस्तानी होने का गौरव भी प्राप्त है। उन्हें 2011 में 'तमगा-ए-इम्तियाज' (उत्कृष्टता पदक) से सम्मानित किया गया था।
नमीरा सलीम पाकिस्तान की पहली एस्ट्रोनॉट हैं। नामिरा ने 1997 में मोनाको की नागरिकता ले ली थी। हालांकि उनका जन्म पाकिस्तान में हुआ था। नामिरा ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल अफेयर्स में मास्टर्स की डिग्री हासिल की थी।
कार्यवाहक सूचना एवं प्रसारण मंत्री मुर्तजा सोलांगी ने कहा कि नामिरा सलीम की अंतरिक्ष की आगामी यात्रा अंतरिक्ष अन्वेषण में पाकिस्तान की बढ़ती उपस्थिति का संकेत है और देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
सोलांगी ने पाकिस्तान सरकार, कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवर-उल-हक काकर और लोगों की ओर से नामिरा सलीम को अंतरिक्ष यात्रा शुरू करने के लिए बधाई दी और उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
सोलंगी ने नमीरा सलीम को सभी महिलाओं के लिए आदर्श बताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में दुनिया में पाकिस्तान का नाम ऊंचा कर सकती है। उन्होंने कहा, "नामिरा सलीम का यह प्रयास एक शांतिप्रिय और प्रगतिशील देश के रूप में पाकिस्तान की सकारात्मक छवि को उजागर करेगा।"












Click it and Unblock the Notifications