'राम मंदिर का दर्शन करना मेरा लक्ष्य है', पाकिस्तानी क्रिकेटर ने दिवाली पर दी पूरी दुनिया को बधाई
दानिश कनेरिया पाकिस्तान के हिन्दू समुदाय से आते हैं, फिर भी उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट के लिए खेलते हुए काफी नाम कमाया। हालांकि, उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर अकसर पाकिस्तान में विवाद होते रहते हैं।
Diwali News: पाकिस्तान के मशहूर क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने दिवाली के मौके पर पूरी दुनिया को शुभ संदेश दिया है और उन्होंने अयोध्या में बन रहे राम मंदिर आने की अपनी ख्वाहिश का इजहार किया है। दानिश कनेरिया पाकिस्तान के हिन्दू समुदाय से आते हैं, फिर भी उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट के लिए खेलते हुए काफी नाम कमाया। हालांकि, उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर अकसर पाकिस्तान में विवाद होते रहते हैं, क्योंकि वो पाकिस्तानी हिन्दू समुदाय को इंसाफ दिलाने के लिए लगातार आवाज उठाते रहते हैं। इसके साथ ही दानिश कनेरिया की एक और पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी से कई मुद्दों पर जमकर बहसबाजी भी हो चुकी है।

दानिश कनेरिया का शुभ संदेश
दानिश कनेरिया ने पूरी दुनिया को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, "जय श्री राम पूरे विश्व को दीपावली की शुभकामनाएं। मेरा उद्देश्य राम मंदिर आकर राम भगवान का दर्शन करना है।" वहीं, दानिश कनेरिया के इस ट्वीट पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है और कई लोगों ने लिखा है कि, उन्हें राम मंदिर जरूर आना चाहिए और अपने आराध्य भगवान श्रीराम का दर्शन जरूर करना चाहिए। वहीं, कई सोशल मीडिया यूजर ने दानिश कनेरिया को अपने साथ अयोध्या घुमाने का भी ऑफर दिया है। वहीं, एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा है कि, "अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है और जब मंदिर का निर्माण हो जाएगा, तो उन्हें जरूर आना चाहिए।"

अफरीदी पर लगा चुके हैं आरोप
आपको बता दें कि, पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने पूर्व पाक कप्तान पर ऐसे भेदभाव का आरोप लगा चुके हैं और इसके पीछे उन्होंने धार्मिक वजहों को जिम्मेदार बताय था। कनेरिया पहले ही कह चुके हैं कि, उनको पाकिस्तान में हिंदु होने की कीमत चुकानी पड़ी है और उसी वजह से उन्हें टीम से बाहर भी होना पड़ा। वहीं, दानिश कनेरिया के आरोप के बाद पाकिस्तान की पूरी दुनिया में आलोचना की गई थी और ये मामला उस वक्त और बढ़ गया था, जब शोएब अख्तर ने दानिश कनेरिया का समर्थन कर दिया था। कनेरिया ने आईएएनएस से बात करते हुए शाहिद अफरीदी को झूठा इंसान बताते हुए कहा था, कि अफरीदी ने उनके साथ बदतमीजी भरा बर्ताव किया था। कनेरिया ने कहा था कि, शोएब अख्तर पहले बंदे थे जिन्होंने सबके सामने मेरी समस्या को बताया था। ऐसा कहने के लिए उनको सलाम ठोकता हूं। हालांकि बाद में उनको कई लोगों ने दबाव में डाल दिया। उसके बाद उन्होंने ऐसा कहना बंद कर दिया। लेकिन हां, यह सच है कि मेरे साथ ये सब हुआ था।

बढ़िया खिलाड़ी थे दानिश कनेरिया
आपको बता दें कि, 16 दिसंबर 1980 को पाकिस्तान के कराची में जन्म दानिश कनेरिया पाकिस्तान के प्रसिद्ध स्पिनरों में से एक रहे हैं। हालांकि, धार्मिक वजहों से उनके क्रिकेट कैरियर के सामने काफी परेशानियां खड़ी की गईं। उनकी पत्नी का नाम धर्मिता कानेरिया है। वहीं, दानिश की क्रिकेट कैरियर की बात करें, तो उन्होंने पाकिस्तान की तरफ से 61 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 261 विकेट हासिल किए। वहीं, उन्होंने सिर्फ 18 वनडे मैच ही खेले, जिसमें उन्होंने 15 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications