रूस के साथ सीक्रेट बातचीत कर रहा है पाकिस्तान, पुतिन-शहबाज में चिट्ठी का आदान-प्रदान, इमरान के हाल से डरे?
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी पीएम और रूसी राष्ट्रपति के बीच जिस सीक्रेट चिट्ठी का आदान- प्रदान किया गया है, वो इमरान खान को प्रधानमंत्री पद से हटाने के बाद किया गया है...
इस्लामाबाद/मॉस्को, अप्रैल 24: पाकिस्तान की नई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि, पाकिस्तान के नये प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच सीक्रेट लेटर्स के जरिए बातचीत की गई है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि, पाकिस्तान के नये प्रधानमत्री ने रूसी राष्ट्रपति के साथ चिट्ठी के आदान-प्रदान को टॉप सीक्रेट रखने की कोशिश की है, ताकि मीडिया को इसकी खबर ना लगे और उनकी सरकार विवादों में नहीं आए।
Recommended Video

गुपचुप चिट्ठी का आदान-प्रदान
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी पीएम और रूसी राष्ट्रपति के बीच जिस सीक्रेट चिट्ठी का आदान- प्रदान किया गया है, वो इमरान खान को प्रधानमंत्री पद से हटाने के बाद किया गया है, जिसमें पाकिस्तान और रूस के बीच संबंधं को मजबूत करने पर इच्छा जताई गई है। हालांकि, दोनों पक्षों ने मीडिया की चकाचौंध से इस बातचीत को दूर रखा, जो किसी भी सार्वजनिक ध्यान से बचने के उद्देश्य से उठाया गया एक कदम था। पाकिस्तान के प्रमुख अखबार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' ने इस सीक्रेट लेकर को लेकर खुलासा किया है, जिसमें कहा गया है कि, पुतिन ने पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखा, जिसमें उन्हें उनके प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। वहीं, पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के एक अधिकारी ने पाकिस्तानी अखबार की इस रिपोर्ट की पुष्टि की है।

संबंध मजबूत करने की इच्छा
रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस और पाकिस्तान के बीच सहयोग को गहरा करने की इच्छा जताई है। जिसके बाद, पाकिस्तान के नये प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अफगानिस्तान में द्विपक्षीय सहयोग पर समान भावनाओं को व्यक्त करते रूसी राष्ट्रपति की चिट्ठी का जवाब दिया है। इससे पहले पुतिन ने पाकिस्तान के नवनियुक्त पीएम को रूसी दूतावास के ट्वीट के जरिए बधाई दी थी। जिसमें पुतिन ने कहा कि, उन्हें उम्मीद है कि शहबाज शरीफ के कार्यकाल में "पाकिस्तान-रूस सहयोग, डेवलपमेंट और अफगान समझौते पर साझेदार बातचीत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का मुकाबला करने में योगदान देंगी।"

रूसी दूतावास ने की पुष्टि
पाकिस्तान में रूस के दूतावास ने कहा कि, "राष्ट्रपति पुतिन ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के रूप में चुने जाने पर शहबाज शरीफ को बधाई दी है और आशा व्यक्त की है, कि शहबाज शरीफ की गतिविधियां रूस-पाकिस्तान सहयोग के आगे विकास और अफगान समझौते पर साझेदार बातचीत, अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का मुकाबला करने में योगदान देंगी।"

इमरान की गलतियों से सबक?
पाकिस्तानी मीडिया का मानना है कि, इस्लामाबाद में नई सरकार पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बयानबाजी के कारण हुए नुकसान के बाद पश्चिमी देशों के साथ, विशेष रूप से अमेरिका के साथ संबंधों को फिर से स्थापित करने पर जोर देगी। शहबाज शरीफ इस तरह के दृष्टिकोण से बचेंगे और पाकिस्तान की विदेश नीति के हितों को आगे बढ़ाने के लिए चुपचाप काम करेंगे। आपको बता दें कि, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने उसी दिन रूस की यात्रा की थी, जिस दिन यूक्रेन युद्ध शुरू हुआ था और इस दौरान मॉस्को पहुंचने के बाद इमरान खान ने अपने सहयोगियों से कहा था, ‘क्या शानदार समय में हम यहां आए हैं।' 24 फरवरी को रूस का दौरा करने के लिए पाकिस्तान के अंदर इमरान खान की काफी आलोचना की गई थी और कहा गया था, कि अमेरिका से व्यक्तिगत खुन्नस निकालने के लिए इमरान खान रूस गये हैं, जिसकी वजह से अमेरिका पाकिस्तान से काफी नाराज हो गया।












Click it and Unblock the Notifications