इमरान खान ने फिर दिखाई अकड़, भारत के 'दोस्ती' भरे प्रस्ताव को ठुकराया
भारतीय लोकसभा स्पीकर द्वारा दिए गये संसदीय कार्यक्रम में शामिल होने के न्योते को पाकिस्तान ने अस्वीकार कर दिया है।
इस्लामाबाद, अक्टूबर 13: पाकिस्तान ने एक बार फिर से भारत के 'दोस्ती' भरे प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान हर प्लेटफॉर्म पर कहते रहे हैं कि, अगर भारत शांति की दिशा में एक कदम बढ़ाता है तो पाकिस्तान दो कदम आगे बढ़ाएगा, लेकिन इस बार जब भारत ने पाकिस्तान की तरफ रिश्ते को सुधारने की दिशा में हाथ बढ़ाया तो पाकिस्तान ने अपना हाथ पीछे खींच लिया है।

पाकिस्तान ने दिखाई अकड़
दरअसल, भारत के लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने पाकिस्तान सीनेट के चेरयमैन को भारतीय संसद के एक समारोह में शामिल होने के लिए भारत आने का न्योता भेजा था, जिसमें शामिल होने से पाकिस्तान ने इनकार कर दिया है। पाकिस्तानी टीवी चैनल जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने भारतीय लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। पाकिस्तानी अखबार 'द न्यूज' की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि सीनेट अध्यक्ष सादिक संजरानी एक संसदीय समारोह में भाग लेने के लिए भारत के निमंत्रण को अस्वीकार कर देंगे।

ओम बिड़ला ने भेजा था न्योता
भारत के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भारतीय संसद की अहम समिति लोक लेखा समिति (पीएसी) के 100वें समारोह में शामिल होने के लिए पाकिस्तान सीनेट अध्यक्ष को आमंत्रित किया गया था। हालांकि, जब 'द न्यूज' ने एक वरिष्ठ पाकिस्तानी अधिकारी से संपर्क किया, जो आमतौर पर विदेशी निमंत्रण प्रभाग को देखते हैं, तो उनसे यह पूछने के लिए कि क्या पाकिस्तान ने निमंत्रण स्वीकार किया है या नहीं, उन्होंने कहा: "नहीं"। जब उनसे पूछा गया कि क्या पाकिस्तान ने भारत को अपने फैसले के बारे में बताया है या नहीं, तो उन्होंने कहा, "मुझे किसी जवाब की जानकारी नहीं है।"

पाकिस्तानी मीडिया ने ही किया था दावा
भारतीय लोकसभा स्पीकर द्वारा पाकिस्तान को न्योता भेजने का दावा भी पाकिस्तानी मीडिया ने ही किया था। पाकिस्तान के अखबारों ने दावा किया था कि, भारतीय लोकसभा स्पीकर की तरफ से पाकिस्तान सीनेट के चेयरमैन को ये भारतीय संसद के इस अहम कार्यक्रम के लिए अगस्त महीने में न्योता भेजा था, और अब पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया है कि, पाकिस्तानी सीनेट के चेयरमैन भारतीय संसद के कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे। पाकिस्तान की समा टीवी ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा था कि, भारतीय लोकसभा स्पीकर का आमंत्रण मिलने के बाद समारोह में सीनेट चेयरमैन सादित संजानी शामिल होंगे या नहीं, इसको लेकर सरकार में उच्च स्तर पर विचार-विमर्स चल रही है, लेकिन अभी तक कोई फैसला नहीं किया गया है।

एक चिट्ठी की गई थी वायरल
पाकिस्तान मीडिया में एक चिट्ठी काफी वायरल हो रही है, जिसको लेकर दावा किया गया है कि यही वो चिट्ठी है, जिसे भारतीय लोकसभा स्पीकर ने पाकिस्तान सीनेट के चेयरमैन को लिखी थी। हालांकि, चिट्ठी की सत्यता की पुष्टि भारत की तरफ से की गई है या नहीं, इसकी हमें जानकारी नहीं है। लेकिन, इस चिट्ठी के जरिए पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया था कि भारत की तरफ से न्योता भेजा गया था। इस चिट्ठी में लिखा था कि, 'पीएसी की 100वीं वर्षगांठ में भाग लेना आपके लिए सम्मान की बात होगी, जो भारत की सबसे पुरानी संसदीय समिति है। इस ऐतिहासिक अवसर पर आपको भारत की संसद के अतिथि के रूप में आमंत्रित करना हमारे लिए सम्मान की बात होगी'

दिसंबर में है कार्यक्रम
आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय संसद में पीएसी के सौ साल पूरा होने पर चार और पांच दिसंबर को नई दिल्ली में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और इस कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे। इस समारोह के समापन सत्र को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 दिसंबर को संबोधित करेंगे। आपको बता दें कि, संसद का 22-सदस्यीय पीएसी भारत का सबसे पुराना संसदीय पैनल है, जो भारतीय संसद द्वारा केन्द्र सरकार को खर्च करने के लिए दिए जाने वाले पैसों और दूसरे खातों का जांच करती है। वर्तमान में पीएएसी की अध्यक्षता विपक्षी नेता के पास है, हालांकि इस कमेटी के ज्यादातर सदस्य फिलहाल सत्तारूढ़ पार्टी एनडीए से हैं। फिलहाल पीएसी की अध्यक्षता लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी कर रहे हैं। आपको बता दें कि, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, ज्योतिर्मय बसु, पीवी नरसिम्हा राव और आर वेंकटरमन जैसे प्रमुख सांसदों ने पीएसी प्रमुख के रूप में काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications