पाक ने UN में उठाया राम मंदिर का मुद्दा, कहा- ये सिर्फ बाबरी पर नहीं रुकेंगे, अब ज्ञानवापी का नंबर...
न्यूयॉर्क में OIC राजनयिकों की बैठक में पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के मामले में दखल देने की कोशिश की है। पाकिस्तान के संयुक्त राष्ट्र दूत मुनीर अकरम ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर अभिषेक का मुद्दा उठाया। इतना ही नहीं, पाकिस्तान ने एक कदम आगे बढ़कर संयुक्त राष्ट्र से भारत में मुसलमानों की "कल्याण के लिए खतरे" की रक्षा करने की मांग की है।
संयुक्त राष्ट्र संघ में बार-बार कश्मीर का मुद्दा उठाने वाला पाकिस्तान अब राम मंदिर को भी वैश्विक मुद्दा बनाने की कोशिश में जुट गया है। पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखकर भारत में मौजूद इस्लामिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

पाकिस्तानी वेबसाइट द डॉन की एक रिपोर्ट के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के दूत मुनीर अकरम ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कॉपरेशन यानी OIC की मीटिंग में यह मांग की।
इसके साथ ही मुनीर ने UN की एक संस्था अलायंस ऑफ सिविलाइजेशन के अधिकारी मिगुएल एंजेल मोराटिनोस को खत लिखा है। इसमें कहा गया है कि भारत में मंदिर बनाने के ट्रेंड से न सिर्फ भारतीय मुस्लिम बल्कि पूरे इलाके की शांति को भी खतरा है।
पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखकर कहा कि भारत के अयोध्या में ध्वस्त बाबरी मस्जिद के स्थान पर राम मंदिर के निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा की वह कड़े शब्दों में निंदा करता है। इससे भारत में रहने वाले मुस्लिम लोगों में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक कल्याण के साथ-साथ क्षेत्र में सद्भाव और शांति के लिए भी गंभीर खतरा पैदा होगा।
मुनीर अकरम ने अपने पत्र में कहा कि अफसोस की बात यह है कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद, मथुरा में शाही ईदगाह को भी ढहा देने की धमकियां मिल रही हैं।
प्राण प्रतिष्ठान की थी निंदा
इससे पहले 22 जनवरी को पाकिस्तान ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की निंदा की थी। पाकिस्तान ने इसे 'बढ़ते हिंदू राष्ट्रवाद का प्रतीक और भारत के मुस्लिम समुदाय का अपमान' बताया था। पाकिस्तान ने कहा कि पिछले 31 सालों में हुई घटनाएं, खासकर राम मंदिर का उद्घाटन, 'भारत में बढ़ते हिंदू राष्ट्रवाद का संकेत हैं।'
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा था कि पाकिस्तान अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन की निंदा करता है। यह मंदिर बाबरी मस्जिद को तोड़कर बनाया गया है। पाकिस्तान ने ये भी कहा था कि ध्वस्त मस्जिद की जगह पर बना मंदिर आने वाले समय में भारतीय लोकतंत्र के माथे पर कलंक की तरह बना रहेगा।
OIC ने भी की थी निंदा
इससे पहले OIC ने भी राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लकेर चिंता जताई थी। OIC ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा, "भारतीय शहर अयोध्या में जिस जगह पर पहले बाबरी मस्जिद ढहाई गई थी, वहीं 'राम मंदिर' का निर्माण और इसकी प्राण प्रतिष्ठा गंभीर चिंता का विषय है।"












Click it and Unblock the Notifications