पाकिस्तान में एक और तमाशा.. इलेक्शन कमीशन के नोटिस को राष्ट्रपति ने पलटा, 11 फरवरी को नहीं होंगे चुनाव
Pakistan Eelction News: पाकिस्तान, जो अपने राजनीतिक तमाशे के लिए कुख्यात है, वहां पर चुनाव से पहले एक के बाद एक तमाशे हो रहे हैं। पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने एक दिन पहले बताया था, कि देश में 11 फरवरी को चुनाव करवाने का फैसला लिया गया है, जिसे पाकिस्तान के राष्ट्रपति ने पलट दिया है और अब पाकिस्तान में 11 फरवरी को चुनाव नहीं होंगे।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति आरिफ अल्वी और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सिकंदर सुल्तान राजा गुरुवार को इस बात पर सहमत हुए, कि देश में अब 11 फरवरी नहीं, बल्कि 8 फरवरी 2024 को आम चुनाव होंगे।

राष्ट्रपति अल्वी के कार्यालय के एक बयान में कहा गया है, कि सीईसी सिकंजर राजा और पाकिस्तान के अटॉर्नी जनरल मंसूर उस्मान अवान के नेतृत्व में ईसीपी प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव की तारीख पर चर्चा करने के लिए राष्ट्रपति सचिवालय में अल्वी से मुलाकात की, जिसके बाद यह घटनाक्रम सामने आया।
राष्ट्रपति के कार्यालय ने कहा, कि "सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है, कि चुनाव गुरुवार 8 फरवरी को होंगे।"
पाकिस्तान में 8 फरवरी को चुनाव
राष्ट्रपति आरिफ अल्वी और मुख्य चुनाव आयोग के बीच की ये बैठक सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई थी, जिसने चुनाव आयोग को राष्ट्रपति से परामर्श करने और कल (शुक्रवार) मतदान की तारीख के बारे में सुप्रीम कोर्ट को सूचित करने का निर्देश दिया था।
इलेक्शन कमीशन ने कल पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट को बताया था, कि देश में 11 फरवरी को चुनाव कराने का फैसला लिया गया है, लेकिन उसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से विचार विमर्श करने के लिए कहा था।
आम सहमति के बाद अब सुप्रीम कोर्ट को नई तारीख के बारे में बताया जाएगा।
आपको बता दें, कि लगातार चुनाव में हो रही देरी को लेकर पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट में कई याचिकाएं लंबित हैं और सुप्रीम कोर्ट में चुनाव की तारीखों को लेकर सुनवाई चल रही है।
शीर्ष अदालत ने आदेश में कहा है, कि "हम उम्मीद करते हैं कि आम चुनाव कराने की तारीख तय करने का मामला सुलझ जाएगा और इस अदालत को कल (शुक्रवार) सूचित किया जाएगा।"
इमरान खान की पार्टी खुश
देश के तीन प्रमुख राजनीतिक दलों, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी), पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन), और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने ईसीपी की घोषणा का स्वागत किया था, कि देश में चुनाव 11 फरवरी 2024 को होंगे।
ईसीपी की घोषणा का स्वागत करते हुए पीपीपी के नैयर बुखारी ने कहा है कि उनकी पार्टी समय पर चुनाव कराने की मांग करती रही है।
जियो न्यूज से बात करते हुए उन्होंने कहा, कि "अनिर्वाचित व्यक्ति या कैबिनेट को देश पर शासन करने का अधिकार नहीं है...संविधान के अनुसार चुनाव 90 दिनों के भीतर होने चाहिए थे।" वहीं, पीएमएल-एन के वरिष्ठ नेता अयाज सादिक ने घोषणा का स्वागत करते हुए कहा, कि यह एक सकारात्मक डेवलपमेंट है और चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
वहीं, इमरान खान की राजनीतिक पार्टी पीटीआई के वकील बैरिस्टर अली जफर ने सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही को "ऐतिहासिक" करार दिया और उन्होंने कहा, कि चुनावों को लेकर अस्पष्टता खत्म हो गई है।
आपको बता दें, कि इमरान खान की पार्टी पिछले साल सत्ता से हटने के बाद से ही चुनाव कराने की मांग करती आई है, लेकिन शहबाज शरीफ ने प्रधानमंत्री पद पर रहने के दौरान लगातार चुनाव से इनकार किया। लेकिन, अब ऐसा लग रहा है, कि देश में 8 फरवरी को चुनाव होंगे।












Click it and Unblock the Notifications