भारत ही नहीं सात समंदर पार देश नॉर्वे के लिए भी खतरा है पाकिस्तान, नॉर्वेजियन पुलिस की रिपोर्ट में खुलासा
नार्वे भी अब पाकिस्तान को अपने लिए खतरनाक मान चुका है। नार्वे की सुरक्षा एजेंसी ने अपनी हालिया रिपोर्ट में कहा है कि पाकिस्तान प्रौद्योगिकी संबंधी जानकारियां हासिल करने के लिए अवैध तरीका अपना रहा है।

दुनिया भर में आतंकवाद को पनाह देने के लिए कुख्यात पाकिस्तान अब सात समंदर पार देश नॉर्वे के लिए भी परेशानी बन चुका है। हाल में ही आए एक रिपोर्ट के मुताबिक नार्वे ने पाकिस्तान को खुद के लिए खतरा माना है।
नार्वे की सुरक्षा एजेंसी PST ने अपनी हालिया रिपोर्ट में कहा है कि पाकिस्तान ने देश के लिए खतरा पैदा कर दिया है। रिपोर्ट में आगे लिखा है कि पाकिस्तान प्रौद्योगिकी संबंधी जानकारियां हासिल करने के लिए अवैध तरीका अपना रहा है।
इस रिपोर्ट में पाकिस्तान और पाकिस्तानी लोगों से सतर्क रहने, उनकी जांच करने और लगातार निगरानी बनाए रखने के सुझाव दिए गए हैं। गौरतलब है कि तेल उत्पादक देश होने के कारण नार्वे के पास समुद्री क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल है। उसके पास उन्नत समुद्री प्रौद्योगिकी है।
ग्रीक समाचार वेबसाइट डायरेक्टस की रिपोर्ट के मुताबिक नार्वेजियन बिजनेसों, शोधकर्ताओं और शोध संस्थानों के पास ज्ञान और प्रौद्योगिकी है, जो उन्नत हथियार प्रणालियों और सामूहिक विनाश के हथियारों को बनाने में इस्तेमाल की जाती हैं। अगर यह तकनीक पाकिस्तान के हाथ लग जाती है तो वह खतरनाक साबित हो सकता है।
PST की रिपोर्ट बताती है कि पाकिस्तान शोधकर्ताओं को नार्वे के शिक्षण संस्थानों में प्रवेश दिलाने के लिए 2 तरीकों का उपयोग कर सकता है। पहला तरीके ये कि वह नॉर्वे में शिक्षा और अनुसंधान संस्थानों में अपने शोधकर्ताओं को अवैध रूप से नियुक्त करवा सकता है।
दूसरे तरीके के रूप में पाकिस्तान नार्वेजियन प्रौद्योगिकी प्राप्त करने के लिए वहां के निर्यात नियंत्रण नियमों को दरकिनार करने की कोशिश कर सकता है क्योंकि नॉर्वे में बिना सरकारी अनुमति के संवेदनशील टेक्नोलॉजी किसी देश को नहीं बेची जा सकती है।
अगर पाकिस्तान तक किसी भी तरीके से संवेदनशील तकनीक हासिल हो जाती है तो वह हथियार प्रणालियों के विकास के लिए जरूरी जानकारी हासिल कर सकता है। इन शोधकर्ताओं का इस्तेमाल बाद में पाकिस्तान अपने देश में टेक्नोलॉजी के प्रयोग के लिए भी कर सकता है।
पाकिस्तान से हर साल हजारों लोग यूरोप जाते हैं। कई लोग वैध तरीके से तो कई अवैध तरीके से यूरोप का रुख करते हैं। वैध तरीके से यूरोप जाने वाले लोग तो हवाई सेवा की मदद से जाते हैं मगर अवैध तरीके से जाने वाले लोग अफगानिस्तान, ईरान और तुर्की के रास्ते यूरोप में घुसते हैं।












Click it and Unblock the Notifications