शहबाज-सेना के 'लंदन प्लान' में फंस गये इमरान, पेशी के लिए निकलते ही घर में घुसी भारी पुलिस फोर्स

इमरान खान कोर्ट में पेश होने के लिए निकले हैं और उन्होंने अपने घर में पुलिस के घुसने के बाद कहा है, कि उन्हें कोर्ट में गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सरकार उन्हें चुनाव नहीं लड़ने देना चाहती है।

Imran Khan News

Imran Khan News: शहबाज शरीफ के प्लान में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान फंस गये हैं और आज इस्लामाबाद कोर्ट में पेशी के लिए निकलते ही लाहौर पुलिस उनके घर में घुस गई है। इमरान खान जब तक अपने जमान पार्क के आवास में थे, उनके समर्थकों ने उनके घर को कैंप बना दिया था, लिहाजा पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई थी, लेकिन जैसे ही इमरान खान कोर्ट में पेश होने के लिए निकले, उनके समर्थकों को खदेड़कर पुलिस उनके घर में दाखिल हो गई है। जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान के आवास में जो कैंप बनाए गये थे, उन्हें तोड़ दिया गया है और अब इमरान खान की गिरफ्तारी तय मानी जा रही है।

इमरान के घर में घुसी पुलिस

जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पीटीआई चेयरमैन इमरान खान के तोशाखाना मामले में पेशी के लिए इस्लामाबाद निकलते ही निकलते ही पंजाब पुलिस ने आखिरकार उनके ज़मान पार्क आवास पर अपना 'कब्जा' जमा लिया है और अभी तक 20 से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, इमरान खान ने ट्वीट करते हुए कहा है, कि उन्हें 'गिरफ्तार कर लिया जाएगा' और अपने आवास में लाहौर पुलिस के घुसने को उन्होंने अपने घर पर हमला करार दिया है। आपको बता दें, कि पुलिस और पीटीआई समर्थकों ने हाल ही में लाहौर में पूर्व प्रधानमंत्री के घर के बाहर जमकर लड़ाई लड़ी थी और इसमें 50 से ज्यादा पुलिस के जवान घायल हुए थे और उसके बाद बिना इमरान को गिरफ्तार किए पुलिस को वापस लौटना पड़ा था। वहीं, अब जब इमरान खान कोर्ट पहुंच गये हैं, तो फिर उनके आवास पर पुलिस ने डेरा डाल दिया है।

आवास से समर्थकों को हटाया गया

जियो के मुताबिक, लाहौर पुलिस ने इमरान खान के आवास क्षेत्र को खाली कराने के लिए व्यापाक अभियान चलाया है और सभी समर्थकों को खदेड़ दिया गया है। पुलिस ने इमरान खान के आवास में घुसने से पहले एक बयान में कहा, कि "धारा 144 लागू है और सभी को सलाह दी जाती है, कि वो वहां से हट जाएं।" पाकिस्तानी न्यूज चैनलों पर पुलिस को इमरान खान के घर के मुख्य द्वार पर बुलडोजर चलाकर और कई पीटीआई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेते हुए घर में दाखिल करते दिखाया गया है। पुलिस ने यह भी दावा किया है, कि उनके ऑपरेशन के जवाब में, इमरान खान के घर के अंदर से गोलीबारी की गई है और पेट्रोल बम फेंके गये हैं। वहीं, इमरान खान के घर जमान पार्क में तलाशी को लेकर शुक्रवार को प्रशासन और पीटीआई के बीच समझौता होने के बाद इलाके में पुलिस की भारी टुकड़ी तैनात कर दी गई थी। समझौते के तहत, इमरान खान को आज लाहौर हाईकोर्ट में पेश होना था। माना जा रहा है, कि इमरान खान को घर से बाहर निकालने के लिए ही ये प्लान बनाया गया था, जिसमें वो फंस गये हैं और अब इमरान खान खुद मान रहे हैं, कि कोर्ट से गिरफ्तार कर उन्हें सीधे जेल भेज दिया जाएगा।

'घर में अकेली हैं बुशरा बेगम'

वहीं, पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए पीटीआई प्रमुख इमरान खान ने कहा, कि "पुलिस ने जमान पार्क में मेरे घर पर हमला किया है, जहां बुशरा बेगम अकेली हैं"। इमरान खान ने सवाल पूछा है, कि "वे किस कानून के तहत ऐसा कर रहे हैं?" इमरान खान ने जोर देकर कहा, कि यह "लंदन प्लान" का हिस्सा है, जहां भगोड़े नवाज शरीफ को सत्ता में लाने के लिए प्रतिबद्धताएं की गई हैं। इमरान खान ने अपने समर्थकों को लिए एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने शहबाज शरीफ पर आरोप लगाए हैं, कि सरकार नहीं चाहती है, कि वो चुनाव लड़े। इमरान खान ने अपने ट्वीट में कहा, कि "अब यह भी साफ हो गया है, कि लाहौर की पूरी घेराबंदी यह सुनिश्चित करने के लिए नहीं थी, कि मैं एक मामले में अदालत के सामने पेश होऊं, बल्कि इसका मकसद मुझे जेल भेजना था, ताकि मैं चुनाव अभियान का नेतृत्व नहीं कर पाऊं।"

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+