पाकिस्तान में बिलावल भुट्टो से ज्यादा हैं राहुल गांधी के वोट, इमरान के मंत्री ने क्यों लिया कांग्रेस का नाम?
पाकिस्तानी अखबार द डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, अविश्वास प्रस्ताव के बीच, इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेतृत्व वाले पाकिस्तान के सत्तारूढ़ गठबंधन में दरारें आने लगी हैं
इस्लामाबाद, मार्च 15: पाकिस्तान में इन दिनों इमरान खान की सरकार पर संकट भारी है और माना जा रहा है कि, इमरान खान की सरकार गिर सकती है। पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों ने इमरान खान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया हुआ है और इमरान खान अपनी सरकार बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस बीच इमरान खान के मंत्री ने कहा है कि, पाकिस्तान में राहुल गांधी के पास बिलावल भुट्टो से ज्यादा वोट हैं।

इमरान खान से सूचना मंत्री का बयान
पाकिस्तान के सूचना प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी का एक बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें फवाद चौधरी पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों से इमरान सरकार के खिलाफ लाए गये अविश्वास प्रस्ताव को वापस लेने का आग्रह कर रहे हैं। फवाद चौधरी का एक बयान जो वायरल हो रहा है, उसमें वो राहुल गांधी और कांग्रेस का नाम ले रहे हैं।
राहुल गांधी का किया जिक्र
फवाद चौधरी, पाकिस्तान के सूचना प्रसारण मंत्री हैं और उन्होंने पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधने के लिए राहुल गांधी का जिक्र कर रहे हैं। जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें फवाद चौधरी, पाकिस्तानी पत्रकार राणा मुबाशिर से बात कर रहे हैं। इस वीडियो में फवाह चौधरी कहते नजर आ रहे हैं, कि ''मैंने नदीम अफजल से कहा था कि, तुम पीपुल्स पार्टी के बजाए कांग्रेस ज्वाइन कर लो''। आगे उन्होंने कहा कि, ''मैंने नदीम अफजल से कहा था कि, पाकिस्तान में बिलावल भुट्टो से ज्यादा वोट राहुल गांधी के पास होगा''।

पाकिस्तान में सियासी संकट
दरअसल, इमरान खान के सूचना प्रसारण मत्री फवाद चौधरी पाकिस्तान की मुख्य विपक्षी पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी यानि पीपीपी के प्रमुख नेता बिलावल भुट्टो जरदारी पर निशाना साध रहे थे। पाकिस्तान की राजनीति में इस वक्त बिलावल भुट्टो ने इमरान खान की नाक में दम कर रखा है और कुछ दिन पहले फवाद चौधरी ने पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों को धमकाया भी था। फवाद चौधरी ने एक बयान में कहा था कि, जब से देश के विपक्षी दलों ने मिलकर पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) का गठन किया है, तभी से पाकिस्तान में कटुता पैदा हो गई है।

इमरान खान को सहयोगियों ने दिया झटका
पाकिस्तानी अखबार द डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, अविश्वास प्रस्ताव के बीच, इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेतृत्व वाले पाकिस्तान के सत्तारूढ़ गठबंधन में दरारें आने लगी हैं और इमरान सरकार में गृहमंत्री शेख रशीद ने सहयोगी पार्टियों पर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं। द डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के गृहमंत्री शेख राशिद अहमद ने शनिवार को आरोप लगाया कि, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-क्यू (पीएमएल-क्यू) विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव के दौरान समर्थन के बदले सरकार को "ब्लैकमेल" कर रही है।

ब्लैकमेल कर रही हैं सहयोगी पार्टियां
पाकिस्तान के गृहमंत्री शेख रशीद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, "मैं इमरान खान के साथ चट्टान की तरह खड़ा हूं।" डॉन की रिपोर्ट में कहा गया है, "मैं किसी और के लिए जिम्मेदार नहीं हूं। मैं उन लोगों की तरह नहीं हूं जिनके पास पांच (नेशनल असेंबली में सीटें) हैं जो (सरकार को) ब्लैकमेल कर रहे हैं।" आपको बता दें कि, पीएमएल-क्यू, जो केंद्र और पंजाब में इमरान खान की पीटीआई पार्टी का एक महत्वपूर्ण सहयोगी है, उसने कथित तौर पर प्रधानमंत्री से चौधरी परवेज इलाही को पंजाब का नया मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है, जिसके लिए इमरान खान और उनकी पार्टी तैयार नहीं है। लिहाजा शेख रशीद ने कहा है कि, पीएमएल-क्यू की तरफ से ब्लैकमेल की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications