Pakistan: बच्चे बैग में ले आए मोर्टार बम, स्कूल के क्लारूम में फटा, कई लोग हुए घायल
Pakistan: उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को एक निजी स्कूल में हुए धमाके ने सभी को दहला दिया। यह घटना अफगान सीमा से सटे खैबर जिले के जमरोद तहसील में हुई, जहां क्लासरूम के अंदर एक पुराना मोर्टार गोला फट गया। इस विस्फोट में कम से कम चार छात्र घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
स्कूल प्रशासन के अनुसार, शुक्रवार को चौथी क्लासरूम का एक छात्र स्कूल जाते समय रास्ते में पड़ा एक "खिलौना बम" उठा लाया। बच्चे को यह समझ नहीं आया कि यह वास्तव में एक पुराना मोर्टार शेल था। उसने इसे अपनी क्लासरूम में ले जाकर दोस्तों को दिखाने की कोशिश की। इस दौरान जैसे ही गोला फर्श पर गिरा, उसमें जोरदार धमाका हो गया।
घायल छात्रों की स्थिति
धमाके में घायल हुए चारों छात्रों को तुरंत पेशावर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी। हालांकि, इस घटना ने अभिभावकों और स्थानीय समुदाय में गहरी चिंता पैदा कर दी है।

धमाके के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में पुराने मोर्टार गोले और बम अक्सर पाए जाते हैं, जिन्हें बच्चे खिलौना समझकर उठा लेते हैं। तलाशी अभियान का मकसद किसी भी बचे हुए विस्फोटक का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय करना है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
बार-बार हो रही हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसा हादसा हुआ हो। पिछले साल 27 दिसंबर को बाजौर जिले में पुराने मोर्टार शेल के फटने से चार बच्चों की मौत हो गई थी और दो गंभीर रूप से घायल हुए थे। अफगानिस्तान सीमा से लगे आदिवासी क्षेत्रों में इस तरह के पुराने विस्फोटक उपकरण बड़ी संख्या में मौजूद हैं। ये न केवल बच्चों बल्कि पूरे समुदाय के लिए खतरा बने हुए हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications