पाकिस्तान में गठबंधन सरकार के गठन पर बनी सहमति, शहबाज शरीफ और जरदारी की मुलाकात में फैसला
Pakistan Election News: पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) केंद्र और पंजाब में गठबंधन सरकार बनाने पर सहमत हो गए हैं, हालांकि तीसरे दिन भी कुछ निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे आने जारी हैं।
जियो न्यूज ने बताया है, कि पीएमएल-एन के अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो और पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात की और उन्हें पाकिस्तान के लिए मिलकर काम करने के लिए आमंत्रित किया। शहबाज शरीफ ने पंजाब के कार्यवाहक मुख्यमंत्री मोहसिन नकवी के आवास पर पीपीपी के शीर्ष नेताओं से भी मुलाकात की। सूत्रों ने बताया है, कि उन्होंने जरदारी के साथ भावी सरकार गठन पर चर्चा की और नवाज शरीफ का संदेश भी दिया।

जियो न्यूज ने बताया है, कि इमरान खान की पार्टी के जीते निर्दलीय उम्मीदवारों को भी नवाज शरीफ और बिलावल भुट्टो की पार्टी संपर्क कर रही है और माना जा रहा है, कि निर्दलीय उम्मीदवारों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है।
नवाज शरीफ और जरदारी में बनी सहमति
जियो ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है, कि जरदारी और शहबाज शरीफ, पंजाब और केंद्र में सरकार बनाने पर सहमत हुए हैं और दोनों पार्टियां अगली बैठक में अपने-अपने विचार पेश करेंगी और सत्ता-बंटवारे के फार्मूले के संबंध में सभी मामलों को अंतिम रूप देंगी, कि किस नेता को कौन सा पद मिलेगा।
पीएमएल-एन कायद और पूर्व प्रधानमंत्री मुहम्मद नवाज शरीफ ने शुक्रवार को देश को बचाने के लिए सभी राजनीतिक दलों को गठबंधन सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था।
इससे पहले मॉडल टाउन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नवाज शरीफ ने दावा किया था, कि चुनाव में पीएमएल-एन सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. शहबाज शरीफ, पीएमएल-एन के मुख्य आयोजक मरियम नवाज और पार्टी के अन्य नेता मौजूद थे।
नवाज शरीफ ने संबोधित करते हुए कहा, कि "मैं समझता हूं, देश को भंवर से बाहर निकालना हमारा कर्तव्य है। हम पाकिस्तान को मुश्किलों से बाहर निकालने के लिए सभी को हमारे साथ आने के लिए आमंत्रित करते हैं। आइए एक साथ बैठें, क्योंकि हर कोई जानता है, कि देश के लिए किसने क्या किया है।"
नवाज़ शरीफ ने कहा, कि "सभी पीएमएल-एन के ट्रैक रिकॉर्ड को जानते हैं और इस देश को भंवर से बाहर निकालना हमारा कर्तव्य है।"
इमरान खान ने चुनावी जीत पर क्या कहा?
दूसरी तरफ, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बधाई देते हुए कहा, कि "भारी मतदान ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया"।
शुक्रवार देर रात एक्स पर पोस्ट किए गए अपने एआई-जनरेटेड भाषण में, पूर्व प्रधान मंत्री इमरान खान ने अपने समर्थकों से कहा, कि "आपने कल [गुरुवार] अपना वोट डालकर वास्तविक स्वतंत्रता की नींव रखी है और मैं आपको जीत पर बधाई देता हूं।"
उन्होंने कहा, कि "मुझे आप पर पूरा भरोसा था, कि आप सभी वोट डालने के लिए आएंगे और आपने मेरे विश्वास का सम्मान किया है। आपके भारी मतदान ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया है।"












Click it and Unblock the Notifications