इमरान खान के चुनाव लड़ने पर लगा 5 साल का बैन, पाकिस्तान चुनाव आयोग ने सुनाया फैसला
पूर्व पाक पीएम इमरान खान के लिए आज शुक्रवार यानी जुम्मे का दिन अहम होने वाला है। चुनाव आयोग तोशेखान मामले में अपना अहम फैसला सुनाने वाला है।
Toshakhana disqualification case: पाकिस्तान चुनाव आयोग ने आज तोशेखान मामले में अपना अहम फैसला सुना दिया है। पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अयोग्य घोषित कर दिया। चुनाव आयोग के फैसले के मुताबिक इमरान खान अब 5 साल तक चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने मामले की सुनवाई के बाद 19 सितंबर को कार्यवाही के समापन पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

क्या है तोशेखान मामला?
इमरान खान पर सरकार को विदेशों से मिले दो गिफ्ट को बेचकर फंड इकट्ठा करने का आरोप है। इमरान खान के खिलाफ ये मामला सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार के पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) के सांसद राजा अशरफ ने दायर किया था। सांसद द्वारा दायर याचिका में ये दावा किया था कि इमरान खान ने तोशेखान मामले में बेचे गए गिफ्ट की जानकारी छिपाई थी। हालांकि इसकी सफाई में इमरान खान का कहना है कि उन्होंने किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं किया है। इस मामले में इमरान खान के वकील की तरफ से कहा गया है कि सरकार की तरफ से इमरान खान के खिलाफ गलत साक्ष्य और दलीलें पेश की गई हैं।

तोशेखान क्या है?
तोशेखान एक विभाग है। ये कैबिनेट डिवीजन के प्रशासनिक नियंत्रण के अंतर्गत आता है। इस विभाग की जिम्मेदारी राज्यों के प्रमुखों, सांसदों, नौकरशाहों और अधिकारियों को अन्य देशों के सरकारों, राज्यों और विदेशी गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दिए गए कीमती उपहारों को संग्रहित करने की है। तोशेखान नियमों के मुताबिक जिन लोगों पर ये नियम लागू होते हैं उन्हें मिलने वाले उपहारों की जानकारी कैबिनेट डिवीजन को दी जानी जरूरी है।

उपहारों का खुलासा करने से कतरा रही थी पार्टी
पाकिस्तान सूचना आयोग (पीआईसी) द्वारा ऐसा करने का आदेश देने के बावजूद, पीटीआई, सरकार में रहते हुए, 2018 में अपना पद संभालने के बाद से इमरान को दिए गए उपहारों के विवरण का खुलासा करने से हिचक रही थी। पीटीआई ने दावा किया कि अगर इन उपहारों का खुलासा हुआ तो इससे अंतरराष्ट्रीय संबंधों को नुकसान पहुंचेगा। इसके बाद चुनाव आयोग ने 29 अगस्त को अपनी सुनवाई में पीटीआई अध्यक्ष से 8 सितंबर तक लिखित जवाब मांगा था।

चोरी से गिफ्ट बेचे, यह इमरान ने माना
इमरान खान ने अपने जवाब में स्वीकार किया कि उन्होंने कम से कम चार उपहार बेचे जो उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान मिले थे। उपहारों में से एक में कलाई घड़ी, कफ लिंक की एक जोड़ी, एक महंगी कलम और एक अंगूठी शामिल थी। अन्य तीन उपहारों में चार रोलेक्स घड़ियाँ शामिल थीं। पीटीआई प्रमुख ने माना कि उन्हें पीएम पद पर रहते 58 उपहार मिले थे।

सुरक्ष व्यवस्था मजबूत करने का आदेश
वहीं इसके मद्देनजर पाकिस्तान चुनाव आयोग की एक अधिसूचना के अनुसार, फैसला शुक्रवार स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजे घोषित किया जाएगा। आयोग ने सभी संबंधित पक्षों और उनके वकीलों को इस्लामाबाद में अपने सचिवालय में चुनावी अधिकारियों के सामने पेश होने का आदेश दिया है। इसके साथ ही पाकिस्तान चुनाव आयोग ने इस्लामाबाद पुलिस को एक पत्र भी लिखा था, जिसमें बताया गया फैसला आने के बाद किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे दिन अंदर और बाहर सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। इसमें जोर देकर कहा गया था कि सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था खासकर पाकिस्तान चुनाव आयोग सचिवालय भवन के अंदर की जाए।












Click it and Unblock the Notifications