ताली बजाकर समर्थकों का उत्साह बढ़ा रही थीं बेनजीर भुट्टो की बेटी, चेहरे से टकराया ड्रोन कैमरा
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आसिफा भुट्टो को बिलावल हाउस मुल्तान में शिफ्ट कर दिया गया है जहां डॉक्टरों और विशेषज्ञों की एक टीम उनकी जांच करेगी।
लाहौर, मार्च 05: पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की बेटी आसिपा भुट्टो अपनी ही पार्टी की रैली के दौरान ड्रोन कैमरे से चोट लगने की वजह से घायल हो गईं। रिपोर्ट के मुताबिक, पीपीपी के जलसा के दौरान यह घटना तब घटी, जब एक कंटेनर पर खड़ी आसिफा भुट्टो-जरदारी के चेहरे पर एक ड्रोन ने जोरदार टक्कर मार दी।
Recommended Video

आसिपा भुट्टो के चेहरे से टकराया ड्रोन
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के बाद बिलावल भुट्टो अपनी बहन को कंटेनर के अंदर ले गए जहां उनका इलाज किया गया और फिर उन्हें बाद में अस्पताल में भर्ती करवाया गया और मरहम पट्टी की गई। शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ड्रोन संचालक को बिलावल की सुरक्षा टीम ने पकड़ लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, बिलावल भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) लगातार इमरान खान सरकार के खिलाफ हमलावर है और पार्टी इमरान खान को एक निकम्मा प्रधानमंत्री बता रही है और उनके खिलाफ देशभर में मोर्चा खोले हुई है। वहीं, कराची में पीटीआई सरकार और प्रधानमंत्री इमरान खान को सत्ता से बेदखल करने के मकसद से विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। इसका नेतृत्व पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी कर रहे हैं।
साजिश या सिर्फ एक हादसा
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आसिफा भुट्टो को बिलावल हाउस मुल्तान में शिफ्ट कर दिया गया है जहां डॉक्टरों और विशेषज्ञों की एक टीम उनकी जांच करेगी। वहीं, घटना के बाद, पुलिस जांच में पाया गया कि ड्रोन कैमरा एक निजी चैनल की DSNG वैन से संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि दो लोगों को छोड़कर टीवी चैनल के बाकी स्टाफ को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने कहा कि, बिलावल भुट्टो-जरदारी की सुरक्षा टीम ड्रोन ऑपरेटर और इंजीनियर को अपने साथ ले गई है। हालांकि, कुछ लोग इस घटना को साजिश से भी जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि, ये घटना सिर्फ एक हादसा है और मशीनी गलती की वजह से ये हादसा हुआ है।

हादसे पर क्या बोली सरकार?
वहीं, घटना के बाद पाकिस्तान की पंजाब प्रांत की सरकार ने कहा है कि, हादसे के बाद फौरन मौके पर डॉक्टर बाबर को मौके पर भेजा गया और उनका प्राथमिक उपचार किया गया। सरकार ने कहा कि, आसिफा भुट्टो की आंख के ऊपर थोड़ी चोट आई है और उनके हाथ के ऊपर भी थोड़ी सी चोट आई है। वहीं सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर भी वायरल हो रही है, जिनके चेहरे पर एक पट्टी लगी है।












Click it and Unblock the Notifications