PAK ने आतंकियों के फंडिंग की बात मानी! रक्षा मंत्री बोले- इनके इशारे पर 3 दशकों से कर रहे हैं गंदा काम
Pakistan Defence Minister Khawaja Asif: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में अपनी भूमिका से इनकार करने के बाद भारत पर तीखा हमला किया है। ब्रिटेन के स्काई न्यूज के साथ बातचीत में पाकिस्तानी डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ ने कई बड़ी बातें कही हैं लेकिन उसमें से दो बातों की चर्चा सबसे ज्यादा है। पहला ये कि ख्वाजा आसिफ ने कथित तौर पर ये स्वीकार किया है कि उनका देश पिछले तीन दशकों से आतंकवादी संगठनों को फंडिंग दे रहा है।
दूसरा ये कि ख्वाजा आसिफ ने भारत के साथ 'ऑल आउट वार' की आशंका जताई है। उन्होंने ये भी आरोप लगाया है कि भारत ने खुद 'पहलगाम हमले' की 'साजिश' रची थी। उन्होंने कहा कि संकट की भावना पैदा करने के लिए भारत ने ही इस आतंकी हमले को अंजाम दिया है। जंग की आशंका के बीच ख्वाजा आसिफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से इस मामले पर हस्तक्षेप करने की भी मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए ये भी कहा है कि इस विवाद का अंत संवाद के जरिए भी हो सकता है। आइए पढ़ें ख्वाजा आसिफ के इंटरव्यू की बड़ी बातें...

🔴 पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ बोले- 'हम 3 दशकों से ये गंदा काम कर रहे हैं'
इंटरव्यू के दौरान जब स्काई न्यूज की पत्रकार यल्दा हकीम ने ख्वाजा आसिफ से पूछा कि क्या वह इस बात से सहमत हैं कि पाकिस्तान का "आतंकवादी संगठनों को सपोर्ट, ट्रेनिंग और फंड मुहैया कराने" का लंबा इतिहास रहा है? इस सवाल के जवाब में आसिफ ने एक सनसनीखेज कबूलनामे करते हुए कहा, ''हां, हम पिछले तीन दशकों से अमेरिका और ब्रिटेन समेत पश्चिमी देशों के लिए ये गंदा काम कर रहे हैं।"
🔴 PAK के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ बोले- 'अब ऑल आउट वार होगा'
क्या यह साबित करने के लिए पाकिस्तान के पास कोई सबूत है कि भारत ने पहलगाम में हमला करवाया था? इस सवाल के जवाब में रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा,
"वे कश्मीर में इन घटनाओं के लिए कभी कोई सबूत नहीं लेकर आए। अब तक, पिछले 10-15 सालों में 3-4 घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन वे कभी भी किसी चीज के लिए पाकिस्तान को दोषी ठहराने और अपने फायदे के लिए स्थिति बनाने के लिए कोई सबूत नहीं लेकर आए।"
रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ पहलगाम आतंकी हमले में किसी भी जिम्मेदारी से बार-बार इनकार करते हुए आखिर में चेतावनी दी कि उनकी सेना दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने के साथ "किसी भी घटना के लिए तैयार" है।
उन्होंने कहा,
''भारत द्वारा की जाने वाली किसी भी पहल पर हम अपनी प्रतिक्रिया पुरजोर तरीके से देंगे। अगर कोई चौतरफा हमला या ऐसा कुछ होता है, तो जाहिर है कि अब 'ऑल आउट वार' (चौतरफा जंग) होगा।''
🔴 लश्कर-ए-तैयबा को लेकर क्या बोले PAK के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ?
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा अब अस्तित्व में नहीं है और इसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट की मौजूदगी के बारे में वो कुछ नहीं जानते हैं। बता दें कि द रेजिस्टेंस फ्रंट ने ही पहलगाम हमले की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा, "लश्कर एक पुराना नाम है। इसका कोई अस्तित्व नहीं है।"
परमाणु शक्तियों के बीच टकराव विनाशकारी होगा? इसका जवाब देते हुए ख्वाजा आसिफ ने कहा, ''हां, मुझे ऐसा लगता है। दो परमाणु शक्तियों के बीच टकराव हमेशा चिंताजनक होता है...अगर चीजें गलत हो जाती हैं, तो इस टकराव का दुखद परिणाम हो सकता है।''
🔴 पाक रक्षा मंत्री बोले- पाकिस्तान दशकों से आतंकवाद का शिकार रहा है
पाक रक्षा मंत्री आसिफ ने कहा,
''मैंने व्यक्तिगत रूप से और हमारी सरकार ने भी...पिछले दो दिनों में...बिना किसी शर्त के इस हमले की निंदा की है। पाकिस्तान दशकों से आतंकवाद का शिकार रहा है, और शायद दुनिया के किसी भी अन्य देश को आतंकवाद से इतना नुकसान नहीं हुआ है, जितना पाकिस्तान को हुआ है, क्योंकि 80 के दशक और उससे पहले के दशक में अफगानिस्तान में युद्ध हुए थे। हम इस बात से अच्छी तरह परिचित हैं कि जब हम आतंकवाद के शिकार होते हैं, तो लोगों और देश को कितना दर्द होता है।"












Click it and Unblock the Notifications