पाकिस्तान में फिर 30 रुपये बढ़े पेट्रोल के दाम, एक हफ्ते में 60 रुपये का इजाफा, भड़के इमरान खान
पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में इजाफे के बाद पाकिस्तान में अब पेट्रोल की कीमत 209.86 रुपये लीटर, डीजल की कीमत 204.15 रुपये हो गई है।
इस्लामाबाद, जून 03: पाकिस्तान में पिछले एक हफ्ते में दूसरी बार पेट्रोल की कीमतों में शहबाज शरीफ की सरकार ने आग लगा दी है। पाकिस्तान सरकार ने एक बार फिर से पेट्रोल की कीमत में 30 रुपये का इजाफा करने का ऐलान किया है। जिसके बाद पिछले एक हफ्ते में पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 60 रुपये बढ़ गई है। शहबाज सरकार के तेल की कीमत बढ़ाने के फैसले को लेकर इमरान खान ने निशाना साधा है और कहा है, कि इन गुलामों को भारत से सीधना चाहिए।
Recommended Video

पेट्रोल के दाम 30 रुपये बढ़े
पाकिस्तान के वित्त मंत्री मिफ्ताह इस्माइल ने गुरुवार को घोषणा की, कि पेट्रोल की कीमत 30 रुपये बढ़ाकर 209.86 रुपये कर दी गई है। पाकिस्तान के वित्त मंत्री इस्माइल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेट्रोल, डीजल और हल्के डीजल की कीमत में 30 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है, जबकि मिट्टी के तेल की कीमत में 26.38 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जो 3 जून से प्रभावी है।

पेट्रोल डीजल के नये दाम
पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में इजाफे के बाद पाकिस्तान में अब पेट्रोल की कीमत 209.86 रुपये लीटर, डीजल की कीमत 204.15 रुपये हो गई है। पाकिस्तान के वित्त मंत्री ने स्वीकार किया, कि पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के परिणामस्वरूप समाज का निम्न-आय वर्ग सबसे अधिक प्रभावित होगा, लेकिन उन्होंने पाकिस्तानी जनता से कहा कि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की दर भी आसमान छू रही है। एक सवाल के जवाब में, वित्त मंत्री ने कहा कि वह जून में आईएमएफ के साथ एक समझौते पर पहुंचने के लिए आशान्वित थे, लेकिन उन्होंने कहा कि कुछ सुधार थे जिन्हें सरकार को अभी भी करना था। उन्होंने कहा कि, ‘...केरोसिन तेल ही एकमात्र ऐसी वस्तु है जिससे सरकार को नुकसान नहीं हो रहा है। हालांकि, हमें हल्के डीजल पर 8 रुपये, पेट्रोल पर 9 रुपये और तेज गति वाले डीजल पर 23 रुपये का नुकसान हो रहा है।"

आईएमएफ की शर्तों को पूरा करता पाकिस्तान
पाकिस्तान के वित्तमंत्री ने कहा कि, ‘आईएमएफ हमारा बजट देखना चाहता है, इसलिए हम जिन सुधारों को पेश करना चाहते हैं उन्हें बजट से पहले पेश किया जाएगा। हालांकि, हम आईएमएफ से दैनिक आधार पर बात कर रहे हैं।" इस्माइल ने कहा कि, मूल्य वृद्धि के फैसले को टाला नहीं जा सकता था, क्योंकि उन्हें आईएमएफ के साथ डील को अंजाम देना है। आपको बता दें कि, पिछली इमरान खान की सरकार ने आईएमएफ की शर्तों को तोड़कर पेट्रोल के दाम कम कर दिए थे, जिसके बाद आईएमएफ ने पाकिस्तान को लोन की अगली किस्त देने से इनकार कर दिया था।

रूसी तेल पर क्या बोला पाकिस्तान
पाकिस्तान के वित्तमंत्री से जब पूछा गया, कि आखिर पाकिस्तान ने रूस से डिस्काउंट पर तेल क्यों नहीं खरीदे? तो पाकिस्तान के वित्त मंत्री इस्माइल ने कहा कि, रूस ने कभी भी पाकिस्तान को सस्ते दर पर पेट्रोल बेचने की बात कही ही नहीं थी, पिछली इमरान खान की सरकार ने रूसी तेल को लेकर अवाम के सामने गलत दावा किया है। इस्माइल ने कहा कि जब इमरान खान ने अपनी रूस यात्रा समाप्त की, तो उसके एक दिन बाद किसी अखबार ने मास्को के साथ इस्लामाबाद के सौदे का उल्लेख नहीं किया। उन्होंने कहा कि, अगर इस तरह का सौदा हुआ है, तो किसी ना किसी अखबार में " इसका कोई जिक्र तो होना चाहिए।" पाकिस्तानी वित्त मंत्री ने कहा कि, पूर्व ऊर्जा मंत्री हम्माद अजहर ने मास्को से तेल आयात करने की पाकिस्तान की इच्छा के बारे में रूसी अधिकारियों को एक पत्र लिखा था। लेकिन, रूस की तरफ से पाकिस्तान के पूर्व वित्त मंत्री की चिट्ठी का कोई जवाब नहीं दिया गया। पाकिस्तान के वित्त मंत्री ने कहा कि, हमने रूस के साथ डिप्लोमेटिक चैनलों के जरिए भी सस्ते तेल को लेकर संपर्क साधा था, लेकिन उन्होंने हमारे प्रस्ताव पर कोई जवाब नहीं दिया।

सरकार पर बरसे इमरान खान
पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में वृद्धि के सरकार के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान ने लोगों से जनता को कुचलने और आर्थिक तबाही मचाने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही इमरान खान ने जनता से सरकार की जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरने का आह्वान किया है। इमरान खान ने कहा है कि, इन गुलामों को भारत से सीखना चाहिए, जो किसी भी बाहरी दबाव के आगे नहीं झुकता है, लेकिन वो देश है, जो अपने डर पर काबू नहीं कर सकता है, वो गुलाम हो जाता है और मैं पाकिस्तान की असली आजादी की वकालत कर रहा हूं। आपको बता दें कि, इमरान खान ने एक दिन पहले ही कहा था, कि पाकिस्तान के तीन टुकड़े हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications